Muzaffarnagar News: पूर्व विधायक शाहनवाज राणा और बेटों पर 75 लाख की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर की नई मंडी कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक शाहनवाज राणा और उनके दोनों बेटों आजम राणा व अब्दुल अहद राणा के खिलाफ करीब 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।

Amit Kaliyan
Published on: 19 Nov 2026 2:14 PM IST
Muzaffarnagar News: पूर्व विधायक शाहनवाज राणा और बेटों पर 75 लाख की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
X

Muzaffarnagar News

Muzaffarnagar News: बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधायक शाहनवाज राणा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मुजफ्फरनगर की नई मंडी कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक शाहनवाज राणा और उनके दो बेटों आजम राणा व अब्दुल अहद राणा के खिलाफ करीब 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। एक कारोबारी ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने स्क्रैप और स्पंज आयरन की सप्लाई लेने के बाद उसका भुगतान नहीं किया। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

जानकारी के अनुसार, कारोबारी ने पुलिस को दी गई शिकायत में पूर्व विधायक शाहनवाज राणा और उनके दोनों बेटों पर आरोप लगाया कि उन्होंने हरिद्वार स्थित एक फैक्ट्री को अपनी बताकर धोखाधड़ी से करीब 75 लाख रुपये कीमत का स्क्रैप और स्पंज आयरन मंगवाया था। आरोप है कि माल की सप्लाई लेने के बाद भुगतान नहीं किया गया।कारोबारी का आरोप है कि जब उसने बकाया रकम की मांग की तो शाहनवाज राणा और उनके दोनों बेटों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच कराई। जांच के बाद नई मंडी कोतवाली में पूर्व विधायक शाहनवाज राणा और उनके दोनों बेटों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 351(3) के तहत मुकदमा संख्या 541/26 दर्ज किया गया है।बताया जाता है कि पूर्व विधायक शाहनवाज राणा का विवादों से पुराना नाता रहा है। फिलहाल वह किसी राजनीतिक दल में सक्रिय नहीं हैं। हालांकि, इस मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद एक बार फिर उनका नाम चर्चा में आ गया है।

एसपी सिटी ने दी मुकदमे की जानकारी

मामले में एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि जितेंद्र नामक व्यक्ति की ओर से धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े से संबंधित प्रार्थना पत्र दिया गया था। शिकायत की नियमानुसार सीओ मंडी के माध्यम से जांच कराई गई। जांच पूरी होने के बाद प्रथम दृष्टया मुकदमा दर्ज किए जाने के पर्याप्त आधार पाए गए।उन्होंने बताया कि इसके बाद थाना नई मंडी में शाहनवाज राणा और उनके साथियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। विवेचना के दौरान सभी साक्ष्यों को शामिल करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।

Amit Kaliyan
ABOUT THE AUTHOR

Amit Kaliyan

वरिष्ठ संवाददाता, मुज़फ़्फ़रनगरamitkaliyanmznnews@gmail.com
Next Story