Muzaffarnagar News: सिगरेट विवाद में होटल मालिक को मारी गोली, नेशनल शूटर गिरफ्तार

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में सिगरेट मांगने पर हुए विवाद के बाद नेशनल शूटर विक्रांत ने होटल मालिक को गोली मारी, पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Amit Kaliyan
Published on: 29 May 2026 7:11 PM IST
Marie shoots hotel owner in cigarette dispute, National shooter arrested
X

सिगरेट विवाद में होटल मालिक को मारी गोली, नेशनल शूटर गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक मामूली विवाद उस समय खूनी झड़प में बदल गया जब सिगरेट मांगने को लेकर हुए कहासुनी के बाद एक युवक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से होटल मालिक को गोली मार दी। हैरानी की बात यह है कि गोली चलाने वाला युवक नेशनल शूटर रह चुका है और कई मेडल भी जीत चुका है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नेशनल शूटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो गाड़ियां, लाइसेंसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और लाखों रुपये की नगदी बरामद की है।

देर रात होटल पर हुआ विवाद

घटना खतौली कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे 58 स्थित पंचगंगा होटल की है। बताया गया कि गुरुवार देर रात करीब 3 बजे गौतम बुद्ध नगर और जेवर क्षेत्र के रहने वाले कुछ युवक थार और ब्रेजा कार में सवार होकर होटल पहुंचे थे। उस समय ईद के चलते होटल बंद था। इसी दौरान कार सवार युवकों ने होटल मालिक नदीम से सिगरेट की मांग की।

होटल मालिक ने होटल बंद होने की बात कही तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इसी दौरान कार सवार युवक विक्रांत ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और सीधे होटल मालिक नदीम पर फायर कर दिया। गोली नदीम के पैर में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार

घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल होटल मालिक नदीम को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और दोनों गाड़ियों को ट्रेस करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रांत, गिरीश छोकर, उमेश कुमार और दिनेश के रूप में हुई है। सभी आरोपी जेवर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

नेशनल शूटर रह चुका है आरोपी विक्रांत

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गोली चलाने वाला आरोपी विक्रांत पहले नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुका है और कई मेडल भी जीत चुका है। बताया गया कि वह शूटिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेता रहा है। पुलिस अब उसके रिकॉर्ड और अन्य जानकारियों की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी विक्रांत एक अधिकारी के यहां मुंशी का काम भी करता है। बाकी आरोपियों में दो युवक खेती-बाड़ी का काम करते हैं।

पुलिस ने बरामद किए हथियार और नगदी

मुजफ्फरनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से एक थार और एक ब्रेजा कार बरामद की है। इसके अलावा एक लाइसेंसी पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, मोबाइल फोन और 1 लाख 20 हजार रुपये की नगदी भी बरामद हुई है। पुलिस ने पिस्टल का लाइसेंस भी कब्जे में ले लिया है।

एएसपी ने दी पूरी जानकारी

मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि देर रात करीब 3:30 बजे खतौली पुलिस को सूचना मिली थी कि दो गाड़ियों में सवार कुछ युवक होटल पर पहुंचे थे जहां सिगरेट और पानी को लेकर विवाद हो गया। बातचीत के दौरान मामला बढ़कर झगड़े और मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान विक्रांत नाम के युवक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया जिसमें होटल मालिक नदीम घायल हो गया।

एसएसपी ने बताया कि नदीम पुत्र अमीर की तरफ से मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 307 और 109 के तहत मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों गाड़ियां जब्त कर ली हैं और बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि इंस्पेक्टर खतौली दिनेश और उनकी टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की है और सभी आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story