TRENDING TAGS :
Muzaffarnagar News: पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ शातिर डकैत, दर्ज हैं एक दर्जन से अधिक मुकदमे
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर डकैत घायल हो गया। आरोपी पर हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Muzaffarnagar News(Photo-Social Media)
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में बुधवार सुबह पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बुढाना कोतवाली पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागा बदमाश
जानकारी के अनुसार बुढाना कोतवाली क्षेत्र में बसीकला गेट पर पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार व्यक्ति वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय मौके से भागने लगा। पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख बदमाश जंगल के रास्ते भागने लगा।
पुलिस पर की फायरिंग
भागते समय नाले के पास बदमाश की मोटरसाइकिल फिसल गई। इसी दौरान जब उसने पुलिसकर्मियों को अपने करीब आते देखा तो उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
घायल बदमाश निकला शातिर डकैत
पुलिस पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम आदिल बताया। वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट का निवासी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आदिल एक शातिर डकैत है और उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर लूट, डकैती, चोरी और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर समेत कई जनपदों में आपराधिक मामले पंजीकृत हैं।
तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढाना भेज दिया। वहीं मौके से पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर का देसी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
सीओ बुढाना ने दी जानकारी
मामले की जानकारी देते हुए सीओ बुढाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि थाना बुढाना के उमरपुर चौकी प्रभारी द्वारा बसी वाले गेट पर चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। उसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह नहीं रुका और जंगल के रास्ते भागने लगा।
उन्होंने बताया कि पीछा करने पर नाले के पास उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई। पुलिसकर्मियों को नजदीक आता देख उसने उन पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान आदिल के रूप में हुई है और उसके खिलाफ करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराते हुए उसके खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद हथियार और मोटरसाइकिल के संबंध में भी जांच की जा रही है।


