Muzaffarnagar News: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर सपा विधायक पंकज मलिक बोले, यह लोकतंत्र की जीत

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में सपा विधायक पंकज मलिक ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लोकतंत्र और छात्रों की जीत बताया तथा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

Amit Kaliyan
Published on: 25 July 2026 10:41 PM IST
SP MLA Pankaj Malik says on resignation of Education Minister, This is a victory of democracy
X

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर सपा विधायक पंकज मलिक बोले, यह लोकतंत्र की जीत (Photo- Newstrack)

Muzaffarnagar News: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर मुजफ्फरनगर जनपद की चरथावल विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक पंकज मलिक ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों ने छात्रों का जिस तरह से साथ दिया, यह उनकी जीत है। उनके अनुसार छात्रों ने ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी है और यह उसी संघर्ष का परिणाम है।

छात्रों के आंदोलन और सरकार पर साधा निशाना

पंकज मलिक ने कहा कि आंदोलन के दौरान जिस तरह बेटियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, लाठीचार्ज किया गया और धरने को खत्म करने का प्रयास किया गया, उसके बावजूद छात्र अपने आंदोलन से पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा कि छात्र लगातार डटे रहे और आखिरकार सरकार को झुकना पड़ा। उनके मुताबिक सरकार ने अपनी गलतियां भी मानी हैं और यह छात्रों के संघर्ष की सबसे बड़ी जीत है।



उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर समेत देश के कई हिस्सों में धरने चलते रहे और छात्रों ने सरकार की चुनौतियों का सामना किया। उनके अनुसार सरकार को अंत में आंदोलन के सामने झुकना पड़ा और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की जीत है।

मुख्यमंत्री योगी के बयान पर भी की टिप्पणी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर भी पंकज मलिक ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें नकल माफिया को समाजवादी पार्टी की विरासत बताया गया था। इस पर उन्होंने कहा कि आज उनकी चोरी पकड़ी गई है, बल्कि वह तो इसे उनकी नकल पकड़ी जाना कहेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह का बयान किसी प्रदेश के मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब पूरे देश में सरकार, उसके मंत्री और प्रधानमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं और पुलिस लाठीचार्ज कर रही है, तब ऐसे बयान देकर लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि नकल की बात करने वाले पहले यह बताएं कि कितने पेपर लीक हुए और भर्तियों का क्या हुआ। उनके अनुसार यह पूरी तरह बेवजह का बयान है और जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाने का प्रयास है।


पंकज मलिक ने कहा कि जिसने भगवान राम को भी नहीं छोड़ा हो, वह किसी और को क्या छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस बयान को बहुत गंभीरता से लेने की आवश्यकता नहीं है।

फिरोज अंसारी के स्वागत समारोह में पहुंचे थे विधायक

आपको बता दें कि समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के बाद फिरोज अंसारी के सम्मान में नगर में एक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विधायक पंकज मलिक पहुंचे थे।

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि फिरोज अंसारी को युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का आशीर्वाद मिला है और उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि आज उनका स्वागत समारोह आयोजित किया गया है। फिरोज अंसारी लंबे समय से पार्टी के साथी रहे हैं और संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

Amit Kaliyan
ABOUT THE AUTHOR

Amit Kaliyan

वरिष्ठ संवाददाता, मुज़फ़्फ़रनगरamitkaliyanmznnews@gmail.com
Next Story