TRENDING TAGS :
UP News: नीट पेपर लीक पर भड़के छात्र, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रदर्शन
UP News: नीट पेपर लीक मामले को लेकर लखनऊ विश्वविद्यालय में समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और निष्पक्ष जांच की मांग की।
Lucknow University Protest
UP News: नीट पेपर लीक मामले को लेकर राजधानी में छात्रों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
छात्र सभा के कार्यकर्ता विश्वविद्यालय परिसर में एकत्र हुए और हाथों में तख्तियां लेकर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो ,नीट घोटाले की जांच हो और शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
प्रदर्शन कर रहे नेताओं का कहना था कि सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल रही है। छात्र नेताओं ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और छात्रों को न्याय दिया जाए।
स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे, पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लेकर बसों के जरिए ईकोगार्डन भेज दिया।


