TRENDING TAGS :
UP Weather Update: यूपी में गर्मी का ‘महा तांडव’! मेरठ से हापुड़ तक Newstrack के रिपोर्टर्स ने बताया आसमान से 'बरसती आग' का हाल
Newstrack Reports On UP weather Update: Newstrack के कई जिलों में मौजूद रिपोर्टर्स ने अपने जिलों के मौसम का हाल बताया है। कहीं, चिलचिलाती धूप से जनता बेहाल है रायबरेली में युवक गश खाकर गिरा है
Newstrack Reports On UP weather Update
Newstrack Reports On UP weather Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना बेहाल कर दिया है। इसके साथ ही हीटवेव (Heatwave) का भयंकर प्रकोप भी जारी है। आज मंगलवार दोपहर 1 बजे के बाद प्रदेश के कई जिलों में पारा 44°C के पार पहुंच गया है। मौजूदा हालात इतने ज़्यादा गंभीर हो गए कि प्रदेश के में तमाम स्कूलों को बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
इसी सिलसिले में Newstrack के कई जिलों में मौजूद रिपोर्टर्स ने अपने जिलों के मौसम का हाल बताया है। कहीं, चिलचिलाती धूप से जनता बेहाल है तो कहीं भीषण गर्मी और उमस से लोगों का जीने मुश्किल हो गया है।
हापुड़ में 44 डिग्री ने बढ़ाई चिंता: DM कविता मीना की बड़ी अपील, लू को हल्के में न लें
हापुड़ से अवनीश पाल की रिपोर्ट के मुताबिक जनपद में लगातार बढ़ती गर्मी और प्रचंड लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 19 मई 2026 को हापुड़ का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड को चुनौती दे दी। मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों में भी भीषण गर्मी और ऊष्ण लहर (हीट वेव) की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।इसी को लेकर जिलाधिकारी कविता मीना ने जनपदवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि गर्मी को सामान्य मौसम परिवर्तन समझने की भूल न करें। यह स्थिति स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है।
दोपहर की धूप बन रही सबसे बड़ा खतरा
जिलाधिकारी ने कहा कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक का समय सबसे अधिक जोखिम भरा है। इस दौरान नागरिकों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। यदि किसी कारण बाहर जाना आवश्यक हो तो सिर को गमछे, टोपी या छाते से अवश्य ढकें।उन्होंने कहा कि शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखना इस समय सबसे बड़ी आवश्यकता है।लगातार पानी पीते रहें और ओआरएस या नमक-चीनी के घोल का सेवन करें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
मजदूरों और श्रमिकों के लिए विशेष एडवाइजरी
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) ने निर्माण कार्यों, फैक्ट्रियों और खुले स्थानों पर कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं।श्रमिकों के लिए जरूरी सावधानियां
दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहरी कार्यों से बचें।कार्य के दौरान नियमित अंतराल पर छाया में विश्राम करें।कार्यस्थल पर ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखें।
प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध रखें।श्रमिकों के बच्चों के लिए छायादार स्थान सुनिश्चित करें।
श्रमिकों को हीट स्ट्रोक और लू से बचाव के उपायों की जानकारी दें।
समय-समय पर पानी और ओआरएस का सेवन कराएं।
प्रशासन का मानना है कि सबसे अधिक खतरा उन्हीं लोगों को है जो लंबे समय तक धूप में काम करते हैं।
पशु-पक्षियों के लिए भी संकट का समय
जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि भीषण गर्मी केवल इंसानों के लिए नहीं बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, छतों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी के बर्तन रखें ताकि पक्षियों और आवारा पशुओं को राहत मिल सके।
पशुपालकों को दिए गए विशेष निर्देश
पशुओं को दिन में कई बार ताजा और ठंडा पानी पिलाएं।दोपहर के समय पशुओं को छायादार स्थान पर रखें।हरे चारे और पानी से भरपूर आहार दें।सुबह और शाम के समय ही खेतों में काम कराएं।
पशु आश्रय स्थलों में वेंटिलेशन और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।पक्षियों के लिए छतों और पेड़ों के नीचे पानी के बर्तन रखें। स्कूलों, फैक्ट्रियों और कार्यालयों को भी निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों और सरकारी एवं निजी कार्यालयों को निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने कर्मचारियों, छात्रों और श्रमिकों को गर्मी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें।इसके साथ ही नगर निकायों को सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल व्यवस्था मजबूत करने, छायादार विश्राम स्थल बनाने और लोगों को राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखें तो तुरंत करें ये काम
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यदि किसी व्यक्ति को अत्यधिक चक्कर आना, तेज बुखार, बेहोशी, उल्टी, कमजोरी या सांस लेने में परेशानी जैसी समस्या हो तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर पानी पिलाएं और नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं।
आपातकालीन सहायता के लिए ये नंबर रखें याद
पुलिस सहायता : 100 / 112
एम्बुलेंस सेवा : 108
राहत आपदा कंट्रोल रूम : 1070
जिला आपदा कंट्रोल रूम : 1077
जिलाधिकारी का संदेश: "सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा"
जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि इस भीषण गर्मी से लड़ाई प्रशासन अकेले नहीं जीत सकता। इसके लिए हर नागरिक को जिम्मेदारी निभानी होगी। अपने परिवार, पड़ोसियों, बुजुर्गों, बच्चों और जरूरतमंद लोगों का विशेष ध्यान रखें। सामूहिक जागरूकता और सहयोग से ही जनपद को सुरक्षित रखा जा सकता है।जनता के लिए संदेश,"गर्मी से बचना है जरूरी, सिर पर टोपी और गमछा है मजबूरी","पानी पिएं, छांव में रहें, लू से बचें और सुरक्षित रहें""बच्चे, बुजुर्ग और बीमार, रखें इनका विशेष ख्याल""पशु-पक्षियों को भी दें राहत, यही है सच्ची इंसानियत"
चंदौली में भीषण गर्मी से लोग बेहाल, सड़कों पर सन्नाटा
Newstrack के रिपोर्टर अश्विनी मिश्र ने चंदौली के मौसम का हाल विस्तार से बताया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। लगातार तीन दिनों से तापमान में बढ़ोतरी होने के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। आज मंगलवार को भी जिले का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिससे पूरे दिन गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों को बेहाल किए रखा। इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी गर्मी से परेशान नजर आए।
मौसम का हाल इतना बुरा है कि कई लोगों ने अपने दैनिक कार्य भी स्थगित कर दिए। गर्म हवाओं के चलते राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल फोन पर लगातार हीटवेव को लेकर अलर्ट मैसेज आने के बाद लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से भी लोगों को दोपहर के वक्त घर से बाहर न निकलने, ज़्यादा से ज़्यादा पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी जा रही है।
मेरठ में सुबह से बरस रही आग, दोपहर में तपिश से बढ़ी मुश्किलें
इन दिनों मेरठ की तेज गर्मी ने मंगलवार को सुबह से ही लोगों को बेहाल कर दिया। Newstrack के रिपोर्टर सुशील कुमार ने मौसम कि पूरी जानकारी देते हुए विस्तार से बताया कि सुबह सूरज निकलने के साथ ही तेज धूप और गर्म हवाओं का गहरा प्रभाव महसूस होने लगाता है। सुबह से ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके कारण लोग आवश्यक काम निपटाकर जल्द घर लौटते नजर आए।
जिले में गर्मी से बचने के लिए लोग सिर पर कपड़ा बांधकर और पानी की बोतल साथ लेकर घरों से निकले। शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में सुबह से ही तपिश का प्रभाव दिखाई दिया। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि आगामी दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। उनके मुताबिक, अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
अलीगढ़ में भीषण गर्मी से जिला बेहाल
इन दिनों अलीगढ़ भीषण गर्मी (extreme heat) और तेज लू की चपेट में है। Newstrack के रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव का मौसम को लेकर स्पष्ट कहना है कि इन दिनों लगातार बढ़ रहे तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। आज 19 मई 2026 यानी मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान लगभग 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
रिपोर्टर द्वारा प्राप्त जानकारी के मुताबिक, न्यूनतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा, वहीं दोपहर के समय हालात और अधिक गंभीर हो गए। तेज गर्मी का प्रभाव जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में कम देखी गई। खासतौर पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच लोग घरों से निकलने से बचते नजर आए।
46-47 डिग्री के करीब पहुंचा पारा
इसके साथ ही रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव ने यह भी जानकारी दी कि गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान ने लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित की है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आगामी कुछ दिनों तक जिले में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। लगातार कई दिनों तक तापमान 45-47 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने का अनुमान है। ऐसे में लू का खतरा भी बढ़ सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने, धूप में निकलते समय सिर ढकने और बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
हीट वेव की चपेट में हरदोई, 42 डिग्री तापमान से जनजीवन बेहाल
उत्तर प्रदेश में बढ़ती भीषण गर्मी को लेकर मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के बाद हरदोई जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। Newstrack के हरदोई जिले में मौजूद रिपोर्टर पुलकित शर्मा ने मौसम से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन ने आपदा प्रबंधन विभाग के साथ बैठक कर संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की है और लोगों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिले में तेजी से बढ़ते तापमान ने जिले में आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। हरदोई में पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हालात ऐसे हैं कि सुबह 10 बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर महसूस होने लगता है। दोपहर तक सड़कें सूनी नजर आने लगती हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
हरदोई में छुट्टी में स्कूल के काफी समस्या
सबसे अधिक परेशानी दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। स्कूलों की छुट्टी के समय छोटे-छोटे बच्चे तेज धूप में छाता लेकर घर जाते दिखाई दे रहे हैं। कई बच्चे रास्ते में बार-बार पानी पीते नजर आते हैं, जबकि कुछ लोग पेड़ों की छांव में रुककर गर्मी से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। दोपहर के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी भीड़ कम दिखाई देने लगी है।
पुलकित शर्मा द्वारा दी गई रिपोर्ट में बिल्कुल स्पष्ट है कि भीषण गर्मी का प्रभाव बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा है। लगातार बढ़ते लोड के कारण स्थानीय स्तर पर फॉल्ट और ट्रिपिंग की घटनाएं बढ़ गई हैं। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के चलते कूलर, पंखे और एसी का उपयोग बढ़ने से विद्युत विभाग पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।जिला प्रशासन ने लोगों से दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और बच्चों तथा बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि लू और गर्मी से संबंधित मामलों में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
भीषण गर्मी से रायबरेली-प्रयागराज मार्ग पर गश्त खाकर गिरा युवक
उत्तर प्रदेश में इस वक्त भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप का सितम जारी है। लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण आम जन जीवन बुरी तरह से बेहाल हो चुका है। मौसम को लेकर Newstrack के रिपोर्टर नरेंद्र सिंह ने रायबरेली के मौसम के कारण हो रही तमाम घटनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। रिपोर्टर के मुताबिक, रायबरेली-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरचंदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत केटीएल (KTL) शोरूम के पास भीषण गर्मी के कारण एक युवक के अचानक बेहोश होकर गिरने का मामला सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, एक युवक हरचंदपुर थाना क्षेत्र में केटीएल के पास से गुजर रहा था। दोपहर की तीखी धूप और उमस के कारण युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। चक्कर आने (गश्त खाने) की वजह से वह लड़खड़ाकर सीधे जमीन पर गिर पड़ा और अचेत हो गया। व्यस्त मार्ग होने के कारण वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर तुरंत उस पर पड़ी।
राहगीरों ने दिखाई इंसानियत
युवक को जमीन पर गिरता देख आस-पास के लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। बिना समय गंवाए लोगों ने युवक को छाया में पहुंचाया और उसके चेहरे पर पानी के छीटें मारे। राहगीरों की मुस्तैदी और तुरंत की गई प्राथमिक सहायता के कारण युवक को समय पर होश आ गया। लोगों ने उसे पीने के लिए पानी दिया, जिसके बाद उसकी हालत में सुधार देखने को मिला।
बढ़ती गर्मी में बरतें सावधानी
डॉक्टरों के मुताबिक, दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो, तो सिर को ढककर रखें और अपने साथ पानी की बोतल जरूर रखें, ताकि डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) और हीट स्ट्रोक से बचा जा सके।
ऐसे ही मौसम से संबंधित लगातार लेटेस्ट अपडेट के लिए Newstrack.com की वेबसाइट विजिट करें।


