TRENDING TAGS :
Noida पुलिस में लक्ष्मी सिंह का बड़ा धमाका! 5 चौकी प्रभारी सस्पेंड, अब ACP और SHO की बारी
Noida Police Action: पुलिस कमिश्नर ने पांच चौकी प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, कई एसीपी (ACP), थाना प्रभारियों (SHO) और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
Noida Police Action: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। जनता की शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं करने और चोरी-झपटमारी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में नाकाम रहने के मामलों में पुलिस विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है।
पुलिस कमिश्नर ने पांच चौकी प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, कई एसीपी (ACP), थाना प्रभारियों (SHO) और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
लापरवाही पर 5 चौकी प्रभारी सस्पेंड
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने के आरोप में पांच चौकी प्रभारियों को निलंबित किया है। इनमें मोरना चौकी, थाना सेक्टर-24 के प्रभारी अजित सिंह, सेक्टर-12/22 चौकी, थाना सेक्टर-24 के प्रभारी अक्षय प्रताप, आरआर साइट चौकी, थाना जेवर के प्रभारी बिरजलाल शामिल हैं।
इसके अलावा कस्बा सूरजपुर चौकी, थाना सूरजपुर के प्रभारी कपिल पांडे और कचहरी सूरजपुर चौकी के प्रभारी अनिल कुमार को भी सस्पेंड किया गया है। इन सभी के खिलाफ शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने के मामले सामने आए थे।
ACP और थाना प्रभारियों के खिलाफ भी जांच
5 चौकी प्रभारियों के निलंबन के साथ पुलिस कमिश्नर ने कई वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ भी प्रारंभिक जांच के निर्देश दिए हैं। इसमें एसीपी-2 नोएडा, एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा और एसीपी-4 ग्रेटर नोएडा शामिल हैं।
इसके अलावा थाना सेक्टर-113, थाना बीटा-2 और थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षकों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने ओखला चौकी, सेक्टर-98 चौकी, सरस्वती इंक्लेव चौकी, कचहरी चौकी, कलौंदा चौकी और सिरसा चौकी के प्रभारियों के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए हैं।
वहीं, शाहबेरी-चिपियाना चौकी, थाना बिसरख और दनकौर व इकोटेक-1 थानों के कुछ हल्का प्रभारियों की कार्यप्रणाली भी जांच के दायरे में है।
चोरी और झपटमारी रोकने में नाकामी पर भी कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर की कार्रवाई सिर्फ शिकायतों के निस्तारण तक सीमित नहीं है। चोरी और झपटमारी की घटनाओं को रोकने में विफल रहने वाले पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
इसके तहत सदरपुर चौकी, एनआईबी चौकी, झुंडपुरा-गोलचक्कर चौकी, ममूरा-गढ़ी चौखंडी चौकी और एच ब्लॉक-बहलोलपुर चौकी क्षेत्रों में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच होगी।
इसके अलावा बिसरख क्षेत्र की गौर सिटी-1 और 2, निराला और चेरी काउंटी चौकियों, बीटा-2 की एच्छर-अल्फा चौकी तथा दादरी की कस्बा दादरी, रेलवे रोड और अजायबपुर चौकी के खिलाफ भी प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के हल्का प्रभारी-2 और 3 भी जांच के दायरे में रहेंगे।
पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने की तैयारी
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करना और आम जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कराना है। पांच चौकी प्रभारियों का निलंबन और अन्य अधिकारियों के खिलाफ जांच के आदेश इसी दिशा में उठाया गया कदम है।
अब जांच के नतीजों के आधार पर संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय होगी। इस कदम से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था को लेकर विभागीय जवाबदेही पर ध्यान केंद्रित हुआ है।


