ग्रेटर नोएडा में यंग थिंकर्स मीट 2026, टेक्नोलॉजी से ट्रांसफॉर्मेशन और विकसित भारत पर होगा मंथन

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश यंग थिंकर्स मीट 2026 का आयोजन होगा। तकनीक, युवा नेतृत्व और विकसित भारत 2047 पर विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे।

Newstrack Network
Published on: 23 Oct 2026 8:43 PM IST
ग्रेटर नोएडा में यंग थिंकर्स मीट 2026, टेक्नोलॉजी से ट्रांसफॉर्मेशन और विकसित भारत पर होगा मंथन
X

यंग थिंकर्स मीट 2026 

Greater Noida News: भारत में तकनीकी नवाचार, युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा के लिए उत्तर प्रदेश यंग थिंकर्स मीट 2026 का आयोजन गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के इंटरनेशनल गेस्ट हाउस में किया जा रहा है। ‘टेक्नोलॉजी टू ट्रांसफॉर्मेशन’ (Technology to Transformation) थीम पर आधारित इस सम्मेलन का उद्घाटन श्री राम माधव और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी द्वारा किया जाएगा।

सम्मेलन में राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा, राजनीति, सार्वजनिक नीति, शिक्षा, मीडिया, उद्योग और प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को देश के सामने मौजूद समकालीन चुनौतियों, तकनीकी बदलावों और भारत के भविष्य की संभावनाओं पर सार्थक संवाद का मंच उपलब्ध कराना है।

राजनीति, रक्षा और मीडिया जगत की हस्तियां होंगी शामिल

उत्तर प्रदेश यंग थिंकर्स मीट 2026 में पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी, उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, इंडिया फाउंडेशन के पूर्व वाइस चेयरपर्सन शौर्य डोभाल और उत्तर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष नीरज सिंह सहित कई प्रमुख व्यक्तित्व शामिल होंगे।

इसके अलावा लेफ्टिनेंट जनरल अरुण साहनी (सेवानिवृत्त), वाइस एडमिरल शेखर सिन्हा (सेवानिवृत्त), दिल्ली विश्वविद्यालय के रामलाल आनंद कॉलेज के चेयरमैन जिगर इनामदार, इंडियन एक्सप्रेस की डिप्टी एडिटर लिज मैथ्यू और आईआईएम लखनऊ के प्रोफेसर राजीव कुमार भी सम्मेलन में अपने विचार रखेंगे।

शिक्षाविदों, वरिष्ठ पत्रकारों, नीति विशेषज्ञों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और युवा नेतृत्व से जुड़े प्रतिभागियों की भागीदारी से सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवों और दृष्टिकोणों पर चर्चा होगी।

तकनीक और नवाचार से सामाजिक परिवर्तन पर जोर

सम्मेलन की थीम ‘टेक्नोलॉजी टू ट्रांसफॉर्मेशन’ के तहत तकनीक की भूमिका को आर्थिक विकास तक सीमित न रखते हुए सामाजिक बदलाव, सुशासन, नवाचार और राष्ट्रीय क्षमता निर्माण के संदर्भ में समझने पर जोर दिया जाएगा।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल परिवर्तन, रक्षा प्रौद्योगिकी और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था जैसे विषय चर्चा के प्रमुख केंद्र होंगे। इन क्षेत्रों में हो रहे बदलाव भारत के विकास, रोजगार, शिक्षा और वैश्विक प्रतिस्पर्धा की संभावनाओं को प्रभावित कर रहे हैं।

विकसित भारत 2047 में युवाओं की भूमिका पर चर्चा

भारत के वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सम्मेलन में युवा पीढ़ी की भूमिका और जिम्मेदारियों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। युवाओं की रचनात्मकता, रणनीतिक सोच, उद्यमशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व को देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना गया है।

UPYTM 2026 युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और भविष्य की चुनौतियों के साथ नए अवसरों को समझने का अवसर प्रदान करेगा।

इंडिया फाउंडेशन और लोकनीति इंडिया कर रहे आयोजन

उत्तर प्रदेश यंग थिंकर्स मीट 2026 का आयोजन इंडिया फाउंडेशन और लोकनीति इंडिया द्वारा किया जा रहा है। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के सहयोग से विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज के इतिहास एवं सभ्यता विभाग की भी इसमें सहभागिता है।

सम्मेलन में इंडियन एआई रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (IAIRO) नॉलेज पार्टनर और Eliciton प्रायोजक के रूप में जुड़े हैं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं, विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के नेतृत्वकर्ताओं के बीच विचारों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना और तकनीकी प्रगति को व्यापक सामाजिक एवं राष्ट्रीय परिवर्तन से जोड़ना है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story