BJP की सीट हथियाने के फिराक में राजभर! अब जहूराबाद से नहीं लड़ेंगे चुनाव, इस विधानसभा से बढ़ाएंगे अखिलेश की टेंशन

ओमप्रकाश राजभर 2027 विधानसभा चुनाव में गाजीपुर की जहूराबाद सीट के बजाय अंबेडकरनगर की अकबरपुर सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।

Sachin Singh
Published on: 25 Nov 2026 2:38 PM IST (Updated on: 25 Nov 2026 2:38 PM IST)
BJP की सीट हथियाने के फिराक में राजभर! अब जहूराबाद से नहीं लड़ेंगे चुनाव, इस विधानसभा से बढ़ाएंगे अखिलेश की टेंशन
X

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने अपनी चुनावी रणनीति में बड़ा बदलाव करने के संकेत दिए हैं। अब तक गाजीपुर की जहूराबाद सीट से चुनाव लड़ते आए राजभर इस बार अंबेडकरनगर की अकबरपुर विधानसभा सीट से मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। जहूराबाद वही सीट है, जहां से उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसी सीट ने उन्हें पूर्वांचल की राजनीति में मजबूत पहचान दिलाई। ऐसे में उनका जहूराबाद छोड़कर अकबरपुर का रुख करना कई सवाल खड़े कर रहा है।

अकबरपुर सीट पर राजभर के सामने समाजवादी पार्टी के मौजूदा विधायक राम अचल राजभर की चुनौती होगी। राम अचल का इस इलाके में पहले से राजनीतिक आधार है और वह कई बार यहां से विधायक चुने जा चुके हैं। ऐसे में ओमप्रकाश राजभर के लिए यह मुकाबला सिर्फ सीट बदलने का नहीं, बल्कि एक मजबूत स्थानीय नेता के सामने अपनी राजनीतिक पकड़ बनाने का भी होगा। हालांकि बता दें कि अकबरपुर सीट बीजेपी के खाते में है। ऐसे में मुमकिन है कि राजभर NDA में तनाव पैदा कर सकते हैं और बीजेपी के लिए टेंशन पैदा कर सकते हैं। इसके साथ ही BJP आलाकमान के लिए फिर समीकरण सेट करना काफी मुश्किल हो सकता है।

अकबरपुर में राम अचल राजभर से सीधा मुकाबला

अंबेडकरनगर की अकबरपुर विधानसभा सीट को समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है। 2022 के विधानसभा चुनाव में यहां सपा के राम अचल राजभर ने जीत हासिल की थी। उन्हें 81 हजार 931 वोट मिले थे, जबकि बीजेपी के धर्मराज निषाद 69 हजार 595 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे थे। दोनों उम्मीदवारों के बीच जीत का अंतर 12 हजार 336 वोट था।

बहुजन समाज पार्टी के चंद्र प्रकाश वर्मा 53 हजार 398 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। वहीं कांग्रेस की प्रियंका को 2 हजार 735 वोट मिले थे। चुनाव में राम अचल राजभर को करीब 38 फीसदी, बीजेपी को 33 फीसदी और बीएसपी को लगभग 25 फीसदी वोट मिले थे। इससे साफ है कि अकबरपुर में मुकाबला मुख्य रूप से सपा, बीजेपी और बीएसपी के बीच रहा था।

राजभर वोटरों पर ओमप्रकाश की नजर?

अकबरपुर विधानसभा सीट राजभर बहुल मानी जाती है। यहां से राम अचल राजभर छठवीं बार विधायक हैं। ऐसे में ओमप्रकाश राजभर की नजर इस सीट के राजभर वोटरों पर हो सकती है। हालांकि, दोनों नेताओं के नाम के साथ एक ही जातीय उपनाम जुड़ा होना चुनावी जीत की गारंटी नहीं है।

राम अचल राजभर का इलाके में अपना राजनीतिक आधार है। वह 2022 में सपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे और इससे पहले भी क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वह बहुजन समाज पार्टी की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। ऐसे में ओमप्रकाश राजभर को अकबरपुर में अपनी पकड़ बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर संगठन, उम्मीदवार की स्वीकार्यता और गठबंधन के समीकरणों पर काम करना होगा।

इस सीट पर दूसरे दलों के उम्मीदवार और उनके पक्ष में होने वाला वोटों का बंटवारा भी नतीजे को प्रभावित कर सकता है। 2022 के चुनाव में बीजेपी और बीएसपी को मिले वोटों का अंतर भी इस बात की ओर इशारा करता है कि अकबरपुर में मुकाबला कई राजनीतिक समीकरणों पर निर्भर करेगा।

जहूराबाद में दो बार दर्ज की थी जीत

अब बात उस जहूराबाद विधानसभा सीट की, जहां से ओमप्रकाश राजभर ने अपनी राजनीतिक पहचान बनाई। 2017 के विधानसभा चुनाव में वह बीजेपी गठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरे थे और जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने सपा के साथ गठबंधन किया और 2022 के चुनाव में भी जहूराबाद से जीतकर विधानसभा पहुंचे।

2022 के विधानसभा चुनाव में ओमप्रकाश राजभर को 1 लाख 14 हजार 860 वोट मिले थे। बीजेपी के कालीचरण 69 हजार 228 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि बीएसपी की सैय्यदा शादाब फातिमा को 53 हजार 144 वोट मिले थे। राजभर ने बीजेपी उम्मीदवार को 45 हजार 632 वोटों के बड़े अंतर से हराया था।

इन आंकड़ों से पता चलता है कि 2022 में जहूराबाद में ओमप्रकाश राजभर की स्थिति काफी मजबूत थी। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में इसी विधानसभा क्षेत्र में सपा के सनातन पांडेय को बढ़त मिली। 2022 में बड़ी जीत और 2024 में सपा की बढ़त के बीच अब राजभर का जहूराबाद छोड़कर अकबरपुर जाने का फैसला चर्चा में है।

जहूराबाद छोड़ने की क्या है वजह?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस जहूराबाद सीट से ओमप्रकाश राजभर लगातार दो विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं, उसे छोड़ने की जरूरत क्यों पड़ रही है? इसकी एक वजह परिवार से जुड़ी बताई जा रही है। चर्चा है कि राजभर जहूराबाद सीट से अपने दूसरे बेटे को चुनाव लड़ाना चाहते हैं। हालांकि, इस बारे में अंतिम फैसला और आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। फिलहाल अकबरपुर सीट बीजेपी के खाते में है। ऐसे में यह देखना भी अहम होगा कि गठबंधन के भीतर सीटों का बंटवारा किस तरह होता है और अकबरपुर से ओमप्रकाश राजभर की उम्मीदवारी को लेकर क्या सहमति बनती है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story