TRENDING TAGS :
भीम-मीम का गठबंधन तय! ओवैसी और आजाद मिलकर लड़ेंगे 2027 यूपी चुनाव? 12 नवंबर को होगा सियासी धमाका
यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन की चर्चा तेज है।
UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक नए राजनीतिक गठबंधन की चर्चा तेज हो गई है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच हाथ मिलाने की तैयारी की खबरें सामने आ रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर सहमति बन चुकी है और अब दोनों पार्टियां मिलकर यूपी की 403 विधानसभा सीटों के चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। अगर यह गठबंधन औपचारिक रूप लेता है, तो प्रदेश की राजनीति में एक नया समीकरण बन सकता है।
12 नवंबर को लखनऊ में हो सकता है बड़ा ऐलान
सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि इस गठबंधन का औपचारिक ऐलान 12 नवंबर को लखनऊ में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया जा सकता है। हालांकि, अभी तक AIMIM या आजाद समाज पार्टी की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
चर्चा सिर्फ दो पार्टियों के साथ आने तक सीमित नहीं है। बताया जा रहा है कि गठबंधन का दायरा बढ़ाने के लिए दूसरे राजनीतिक नेताओं और छोटे दलों से भी बातचीत चल रही है। यानी 12 नवंबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिर्फ गठबंधन का ऐलान होगा या कोई बड़ा सियासी मंच सामने आएगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।
ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी से किसे मिलेगी चुनौती?
इस संभावित गठबंधन में एक तरफ AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी होंगे, तो दूसरी तरफ भीम आर्मी के प्रमुख और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद। चंद्रशेखर आजाद नगीना लोकसभा सीट से सांसद हैं।
ओवैसी पिछले कुछ समय से यूपी में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा रहे हैं। वह प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में जनसभाएं कर चुके हैं और विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों के साथ गठबंधन की इच्छा भी जता चुके हैं। उनका कहना रहा है कि जो पार्टियां बीजेपी को सत्ता में लौटने से रोकना चाहती हैं, AIMIM उनके साथ काम करने को तैयार है।
पहले से चुनावी तैयारी में जुटी AIMIM
AIMIM ने यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी तीन विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों के नामों का ऐलान भी कर चुकी है। इसके अलावा प्रदेश नेतृत्व ने संकेत दिए हैं कि पार्टी बड़ी संख्या में सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है।
ऐसे में चंद्रशेखर आजाद की पार्टी के साथ संभावित गठबंधन AIMIM की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बन सकता है। दोनों दल साथ आते हैं तो सीटों के बंटवारे से लेकर दूसरे नेताओं को जोड़ने तक कई सियासी फैसले लेने होंगे।
2027 से पहले यूपी में नए सियासी समीकरण की तैयारी?
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं और 2027 का चुनाव अभी दूर है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। AIMIM और आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन की खबरों ने चुनावी हलचल को और बढ़ा दिया है।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम की सबसे अहम तारीख 12 नवंबर मानी जा रही है। अब देखना होगा कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टियां साथ आने का आधिकारिक ऐलान करती हैं या गठबंधन में कुछ और दलों को शामिल कर कोई बड़ा राजनीतिक मोर्चा पेश करती हैं।


