TRENDING TAGS :
सफर होगा सुपरफास्ट, जेब भी होगी हल्की! नोएडा-ग्रेनो वेस्ट मेट्रो को मिली बड़ी मंजूरी, 5 नए स्टेशन बदलेंगे तस्वीर
Noida Aqua Line Metro Extension: नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो विस्तार परियोजना को पीआईबी की मंजूरी मिल गई है। 7.5 किमी लंबे कॉरिडोर पर 5 नए स्टेशन बनेंगे, जिससे करीब 5 लाख लोगों को लाभ मिलेगा।
UP News
Noida Aqua Line Metro Extension: नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले करीब 5 लाख लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से अटकी नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो विस्तार परियोजना (Noida-Greater Noida West Metro Extension) को पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड यानी पीआईबी (PIB) से मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के आगे बढ़ने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) की 48वीं बोर्ड बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति दी गई। एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्ण करुणेश की ओर से रखे गए प्रस्ताव पर बोर्ड ने मुहर लगा दी है। अब परियोजना की फाइल अंतिम मंजूरी के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (Ministry of Housing and Urban Affairs) भेजी जा रही है।
7.5 किलोमीटर लंबा होगा नया मेट्रो कॉरिडोर
इस परियोजना के तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 तक करीब 7.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मेट्रो ट्रैक (Elevated Metro Track) बनाया जाएगा। इस पूरे कॉरिडोर पर 5 नए मेट्रो स्टेशन (Metro Stations) बनाए जाने हैं।
नए स्टेशनों में सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 शामिल हैं। इस कॉरिडोर के तैयार होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट सीधे मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। इससे रोजाना सफर करने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम और प्रदूषण से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
रोजाना 200 से 250 रुपये तक की बचत
फिलहाल ग्रेटर नोएडा वेस्ट से नोएडा आने-जाने वाले लोगों को कैब, ऑटो, ई-रिक्शा और निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है। इसके चलते यात्रियों को रोजाना करीब 300 से 400 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। इसके अलावा ट्रैफिक जाम में काफी समय भी बर्बाद होता है।
मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद यात्रा का खर्च घटकर करीब 100 से 150 रुपये के बीच आने का अनुमान है। यानी यात्रियों को रोजाना करीब 200 से 250 रुपये तक की सीधी बचत हो सकती है। इसका सबसे ज्यादा फायदा नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यापारियों को मिलने की उम्मीद है।
2 साल में पूरा करने का लक्ष्य
एनएमआरसी ने इस परियोजना को करीब 2 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। 7.5 किलोमीटर लंबे इस रूट के निर्माण पर लगभग 1500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
परियोजना के लिए केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, नोएडा प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की ओर से संयुक्त रूप से वित्तीय सहयोग किया जाएगा। अब केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय से अंतिम मंजूरी मिलने का इंतजार है। अंतिम मंजूरी के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू किए जाने की उम्मीद है।
मेट्रो कॉरिडोर के तैयार होने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के करीब 5 लाख निवासियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी और नोएडा से कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी।


