TRENDING TAGS :
Pilibhit News: पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर हमला, जान से मारने की धमकी
Pilibhit News: पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने घर में घुसकर हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Pilibhit News(Photo-Social Media)
Pilibhit News: यूपी के पीलीभीत जनपद की बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव गोवर पतिपुरा में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर जानलेवा हमला करने और जान से मारने की धमकी देने को लेकर दबंगों ने एक राय होकर पीड़ित परिवार के घर पर धावा बोल दिया। इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गोवल पतिपुरा निवासी मोहिनी देवी पत्नी नरदेव सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते दिनों दोपहर करीब पौने दो बजे वह अपने घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग, जिनसे उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही थी, अचानक लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों की पहचान अनीता देवी पत्नी ओमशंकर, पूनम पुत्री ओमशंकर और ब्रजेश पुत्र ओमशंकर के रूप में हुई है। इन सभी ने एक राय होकर मोहिनी देवी और उनके परिवार को जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि हमले के दौरान ब्रजेश नामक आरोपी के हाथ में भाला था। जिससे वह लगातार जान से मारने की बात कह रहा था।
आरोपी घर के भीतर जमकर गाली-गलौज और उत्पाद मचा रहे थे। शोर-शराबा सुनकर और अपनी जान आफत में देख पीड़िता ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस को फोन करने की बात सुनते ही और गांव के अन्य लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी मौके से भागने लगे। भागते समय भी आरोपियों ने पीड़िता और उसके परिवार को दोबारा मौका मिलने पर जान से मारने की खुली धमकी दी। इस पूरी वारदात को गांव के ही रहने वाले बटेश्वर दयाल पुत्र राधेश्याम और जिला बरेली के थाना भुता अंतर्गत ग्राम दुवरी निवासी दलवीर सिंह पुत्र श्रीपाल सिंह ने अपनी आंखों से देखा, जिन्होंने बीच-बचाव करने का प्रयास भी किया। घटना के बाद सहमे हुए पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस चौकी में लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दी गई तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। बीसलपुर कोतवाली प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


