Pilibhit News: देशी जड़ी-बूटी से इलाज का झांसा देकर आभूषण चुराने वाला तांत्रिक गिरफ्तार, माल बरामद

Pilibhit News: बिलसंडा पुलिस ने इलाज के बहाने लोगों का भरोसा जीतकर आभूषण ले जाने के आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद हुए।

Pranjal Gupata
Published on: 2 Aug 2026 10:09 PM IST
Tantric arrested for smoking jewelry while giving gift of indigenous herbs, goods recovered
X

देशी जड़ी-बूटी से इलाज का झांसा देकर आभूषण चुराने वाला तांत्रिक गिरफ्तार, माल बरामद (Photo- Newstrack)

Pilibhit News: पीलीभीत जनपद के थाना बिलसंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने देशी जड़ी-बूटियों से इलाज करने का झांसा देकर लोगों के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सभी आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

बीमार व्यक्ति के इलाज का दावा कर पहुंचा था घर

पुलिस द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि यह घटना 06 जुलाई की है। शीतलपुर नरी गांव निवासी सुखविंदर सिंह के घर ग्राम रायपुर बिचपुरी थाना सेहरामऊ निवासी अकीलुर्रहमान अपने साथियों के साथ पहुंचा था। आरोपी ने सुखविंदर सिंह के बीमार भाई सुरता सिंह का देशी जड़ी-बूटियों से इलाज करने का दावा किया और इसी बहाने परिवार का विश्वास जीत लिया।

तांत्रिक प्रक्रिया का ढोंग रचाकर गहने किए चोरी

इलाज के नाम पर आरोपी ने घर की महिलाओं से उनके सोने और चांदी के आभूषण मंगवाए। इसके बाद उसने जड़ी-बूटी और पानी के जरिए तांत्रिक प्रक्रिया का ढोंग रचाया। इस दौरान उसने परिवार से गहनों को कमरे में रखवा दिया। बाद में परिवार के लोगों को दूसरे कामों में उलझाकर मौका पाकर वह सभी आभूषण चोरी करके फरार हो गया।

घटना के बाद वादी सुखविंदर सिंह की तहरीर के आधार पर थाना बिलसंडा में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

पुलिस को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर बिलसंडा पुलिस टीम ने आरोपी अकीलुर्रहमान को थाना पूरनपुर क्षेत्र के कढेर चौराहा से पडरिया जाने वाले मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चोरी किए गए सभी सोने और चांदी के आभूषण बरामद कर लिए गए।

पूछताछ में सामने आया आरोपी का तरीका

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से बीमार लोगों के परिजनों को अपना निशाना बनाता था। वह खुद को देशी जड़ी-बूटियों का जानकार बताकर परिवारों का विश्वास हासिल करता था। इलाज की प्रक्रिया के दौरान वह गहनों को एक जगह रखवाता था और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर फरार हो जाता था।

आरोपी को जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सन्नी आर्य, हरेन्द्र सिंह, अभिषेक सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Pranjal Gupata
ABOUT THE AUTHOR

Pranjal Gupata

वरिष्ठ संवाददाता, पीलीभीतPranjalgupta36@gmail.com
Next Story