Pilibhit News: खाकी का खौफ खत्म, बीच बाजार में युवक पर जानलेवा हमला

Pilibhit News: पीलीभीत के जहानाबाद बाजार में युवक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Pranjal Gupata
Published on: 10 July 2026 11:04 PM IST
Khaki Ka Fear Khatm, Deliberate attack on Youth in Beech Bazar
X

खाकी का खौफ खत्म, बीच बाजार में युवक पर जानलेवा हमला (Photo- Social Media)

Pilibhit News: यूपी के पीलीभीत जनपद के थाना जहानाबाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जहानाबाद बाजार में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक युवक ने दिनदहाड़े दूसरें व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया।

सरेबाजार हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। दबंगों के भीतर पुलिस और कानून का डर पूरी तरह से खत्म हो चुका है। जिसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि व्यस्त बाजार में दबंगो ने पीड़ित को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

इस दौरान एक दबंग युवक की बर्बरता यहीं नहीं रुकी, बल्कि आरोपी ने पास में खड़ी एक साइकिल को हवा में उठाया और पूरी ताकत से जमीन पर पड़े युवक के ऊपर फेंक दिया।

पीड़ित को बचाने का साहस किसी ने नहीं दिखाया

हैरानी की बात यह रही कि जब यह पूरी वारदात घटित हो रही थी, तब बाजार में भारी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी आगे बढ़कर पीड़ित को बचाने का साहस नहीं दिखाया। उपस्थित लोग मूकदर्शक बने रहे और तमाशा देखते रहे, जिससे दबंग युवक के हौसले और ज्यादा बढ़ गए।

इस मारपीट की घटना का किसी स्थानीय नागरिक ने अपने मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जमकर वायरल हो रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में दिख रहा पीड़ित युवक थाना जहानाबाद के ही ग्राम उझानिया रामपुरा का रहने वाला बताया जा रहा है।

सरेआम हुई इस गुंडागर्दी के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि दिनदहाड़े मुख्य बाजार में इस तरह की घटना कानून व्यवस्था की पोल खोलती है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है और लोग आरोपियों के खिलाफ तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

वहीं अब पुलिस मामले की जांच और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त करने की कोशिश में जुटी हुई है।

Pranjal Gupata
ABOUT THE AUTHOR

Pranjal Gupata

वरिष्ठ संवाददाता, पीलीभीतPranjalgupta36@gmail.com
Next Story