TRENDING TAGS :
Pilibhit News: पीलीभीत में तेंदुए का हमला, ग्रामीणों ने दिखाया साहस, पकड़कर बचाई जान
Pilibhit News:पीलीभीत के दियोरा गांव में तेंदुए ने किसानों पर हमला कर पांच लोगों को घायल किया, बाद में ग्रामीणों ने साहस दिखाकर उसे पकड़ लिया।
पीलीभीत में तेंदुए का हमला, ग्रामीणों ने दिखाया साहस, पकड़कर बचाई जान (Photo- Newstrack)
Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद से एक बेहद सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां तेंदुए और ग्रामीणों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। मामला थाना गजरौला क्षेत्र के दियोरा गांव का है, जहां खेतों में काम कर रहे किसानों पर अचानक एक तेंदुए ने हमला बोल दिया। तेंदुए के हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हालांकि इस बार ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी। जान जोखिम में डालकर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और कपड़ों की मदद से तेंदुए को घेर लिया और काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में कर लिया। इस दौरान तेंदुए के हमले में पांच किसान घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तेंदुए ने किया अचानक हमला
घटना के बाद खेतों में सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि वे वन विभाग की टीम का इंतजार कर रहे थे, तभी तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। देखते ही देखते खेतों में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। बावजूद इसके ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को दबोच लिया और बाद में वन विभाग की टीम के हवाले कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पिंजरे में कैद कर रेंज ऑफिस ले गई। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में तेंदुए का मेडिकल परीक्षण और उपचार कराया जा रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने एक दिन पहले ही इलाके में दो तेंदुओं की मौजूदगी की सूचना वन विभाग को दे दी थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभाग समय पर पहुंच जाता तो किसानों पर हमला नहीं होता।
डीएफओ ने बताया
वहीं सामाजिक वानिकी के डीएफओ भरत कुमार डीके ने बताया कि सुबह करीब 9:15 बजे सूचना मिली थी कि दियोरा गांव में दो तेंदुए देखे गए हैं। लोगों द्वारा उन्हें घेरने की कोशिश की जा रही थी। एक तेंदुआ वहां से भाग गया, जबकि दूसरा लोगों के नजदीक आने पर डर गया और उसने पांच लोगों को घायल कर दिया। बाद में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए का रेस्क्यू किया। डीएफओ के मुताबिक घायल किसानों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है। साथ ही तेंदुए का परीक्षण कराया जा रहा है, स्वस्थ पाए जाने पर उसे दोबारा जंगल में छोड़ा जाएगा।


