Pilibhit News: पीलीभीत में रक्तदान शिविर, 30 युवाओं ने किया महादान

Pilibhit News: नेचर केयर ट्रस्ट के शिविर में 30 युवाओं ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं को तुलसी का पौधा देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

Pranjal Gupata
Published on: 9 May 2026 5:14 PM IST
Blood donation camp in Pilibhit, 30 youths donate
X

पीलीभीत में रक्तदान शिविर, 30 युवाओं ने किया महादान (Photo- Newstrack)

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद में सामाजिक संस्था नेचर केयर ट्रस्ट की ओर से स्टेडियम रोड स्थित जीवनरेखा ब्लड बैंक में एक वृहद सामूहिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों के लिए रक्त एकत्र करना ही नहीं था, बल्कि लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन ‘रक्तदान से जीवन बचाएं, तुलसी रोपण से प्रकृति सजाएं’ के प्रेरक नारे के साथ किया गया, जिसने लोगों के बीच खास उत्साह पैदा किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने किया शुभारंभ

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य और जीवनरेखा ब्लड बैंक की डायरेक्टर डॉ. नीलमा अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान भाजपा के निवर्तमान जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह और निशक्तजन सेवा संस्थान के अध्यक्ष अमृतलाल जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने कार्यकर्ताओं और युवाओं का उत्साह बढ़ाया और इस तरह के सामाजिक कार्यों को समाज के लिए बेहद जरूरी बताया।



युवाओं में दिखा रक्तदान का जोश

शिविर में युवाओं का उत्साह देखने लायक रहा। कुल 30 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। रक्तदान करने वालों में आदेश चौहान, वंश आनंद, डॉ. गौरव वर्मा, हिमांशु जायसवार, सचिव दीप अग्रवाल, अवधेश कुमार यादव, स्वतंत्र देवल, आलोक सक्सेना, शिवम कश्यप, अमनदीप मिश्रा, अभिषेक अग्रवाल, विक्की सब्बरवाल, हनी सब्बरवाल, हार्दिक जयश्वर, प्रशांत भारद्वाज, सुधीर गंगवार, सचिन पटेल, प्रमोद गंगवार, मुदित अग्रवाल, स्पर्श अग्रवाल, प्यारे लाल, आलोक सक्सेना और शुभम भारती सहित कई लोग शामिल रहे।

कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष इंद्रेश चौहान और अंशुमन तिवारी ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके इस साहसी व प्रेरणादायक कदम की सराहना की।


रक्तदान के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश

नेचर केयर ट्रस्ट ने इस बार रक्तदान शिविर को एक नई सोच के साथ जोड़ा। ट्रस्ट के अध्यक्ष हिमांशु पटेल ने कहा कि रक्त हमारे शरीर की जीवनरेखा है और ऑक्सीजन हमारे पर्यावरण की। इसी सोच के तहत प्रत्येक रक्तदाता को तुलसी का पौधा उपहार में दिया गया, ताकि लोग अपने घरों में हरियाली बढ़ाने के साथ स्वच्छ वातावरण का भी संदेश दें।

ट्रस्ट के सचिव दीप अग्रवाल ने सभी लोगों को पौधों के संरक्षण और उचित देखभाल की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि हर रक्तदाता अपने घर में एक तरह का ‘ऑक्सीजन बैंक’ स्थापित कर सकता है, जिससे समाज और पर्यावरण दोनों को लाभ मिलेगा।


अतिथियों ने सराहा सामाजिक पहल

निशक्तजन सेवा संस्थान के अध्यक्ष अमृतलाल जी ने कहा कि जब समाज के युवा ऐसे सामाजिक कार्यों के लिए आगे आते हैं, तभी राष्ट्र के विकास का रास्ता मजबूत होता है। वहीं डॉ. नीलमा अग्रवाल ने कहा कि गर्मियों के मौसम में अक्सर रक्त की कमी हो जाती है। ऐसे समय में 30 यूनिट रक्त का संग्रह कई परिवारों के लिए जीवनदान साबित होगा।


सभी सहयोगियों का जताया आभार

शिविर के सफल आयोजन में नेचर केयर ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी आगंतुकों, ब्लड बैंक की मेडिकल टीम और रक्तदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story