TRENDING TAGS :
Pilibhit News: मुकदमा वापस लेने का दबाव? कार से कुचलने की कोशिश का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
Pilibhit News: पीलीभीत में मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने और कार से कुचलने की कोशिश का आरोप सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
Pilibhit News(Photo-Social Media)
Pilibhit News: यूपी के पीलीभीत जनपद के जहानाबाद थाना क्षेत्र में मुकदमे की रंजिश को लेकर एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि विपक्षी लगातार उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। इतना ही नहीं मुकदमा वापस न लेने पर उसे और उसके बेटे को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।तथा कार से कुचलकर हत्या करने की कोशिश तक की गई।
पहले मुकदमा फिर शुरू हुई धमकियां
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने पहले से विपक्षी पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा रखा है। इसी मुकदमे से नाराज होकर आरोपी लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे डराने-धमकाने में लगे हैं। आरोप है कि आरोपी खुलेआम कहते हैं कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
कार से कुचलने की कोशिश का आरोप
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 26 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे शिकायतकर्ता अपने एक परिचित के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपी चार पहिया वाहन लेकर पहुंचे और कथित रूप से गलत नीयत से वाहन से टक्कर मारकर उसे कुचलने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि किसी तरह उसने खुद को बचाया।
विरोध किया तो गाली-गलौज और जान से मारने की दी धमकी
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घटना का विरोध करने पर आरोपी आग-बबूला हो गए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट का प्रयास किया और दो टूक शब्दों में कहा कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो शिकायतकर्ता और उसके बेटे की हत्या कर दी जाएगी। आरोप है कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी कई बार इसी तरह धमकियां दी जा चुकी हैं।
डर के साये में जी रहा परिवार
शिकायतकर्ता का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण पूरा परिवार दहशत में है। उसे आशंका है कि यदि समय रहते पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो कोई बड़ी और अप्रिय घटना हो सकती है।
एसपी से लगाई कार्रवाई की गुहार
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की भी अपील की है।


