Pilibhit News: जहरीला पदार्थ खाने के बाद 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर गंभीर आरोप

Pilibhit News: पीलीभीत में जहरीला पदार्थ खाने के बाद 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत हो गई। परिजनों ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Pranjal Gupata
Published on: 14 Jun 2026 11:54 AM IST
Pilibhit News
X

Pilibhit News(Photo-Social Media)

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद में 25 वर्षीय एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती ने अपने कार्यालय में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सात वर्ष पहले हुआ था प्रेम विवाह

मामला थाना सुनगढ़ी क्षेत्र की कांशीराम ईदगाह कॉलोनी का है। यहां रहने वाली 25 वर्षीय निशा वर्मा ने करीब सात वर्ष पहले स्थानीय थाना क्षेत्र के रूपपुर कृपा गांव निवासी कपिल मिश्रा से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि विवाह के बाद से ही निशा को लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। शादी के बाद दंपति के एक बेटे का जन्म हुआ, जिसकी उम्र वर्तमान में छह वर्ष बताई जा रही है।

तलाक का मुकदमा भी चल रहा था

जानकारी के अनुसार वैवाहिक विवाद बढ़ने के बाद निशा वर्मा ने न्यायालय में तलाक का मुकदमा भी दायर किया था। बताया जा रहा है कि यह मामला अंतिम चरण में पहुंच चुका था और जल्द ही इसका फैसला होने वाला था। परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी पति लगातार उसके साथ मारपीट करता था। मृतका ने घटना से एक दिन पहले भी स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। बताया गया है कि इससे पहले भी वह कई बार शिकायत कर चुकी थी।

नौकरी कर खुद चला रही थी अपना जीवन

मृतका शहर के एक सोलर पैनल कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में निजी नौकरी कर रही थी और अपने जीवन-यापन की जिम्मेदारी स्वयं संभाल रही थी। बताया जा रहा है कि करीब 20 दिन पहले ही उसने एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी खरीदी थी। घटना वाले दिन निशा का एमए का परीक्षा पत्र भी था। परीक्षा देने के बाद वह घर पहुंची और बाद में अपने कार्यालय गई, जहां उसने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।

मौत से पहले पति से हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले आरोपी पति कपिल मिश्रा मृतका के कार्यालय पहुंचा था। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद वह निशा की स्कूटी की चाबी लेकर स्कूटी सहित वहां से चला गया। बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। इसके कुछ समय बाद निशा की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शव मायके छोड़कर फरार होने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद आरोपी पति निशा के शव को लेकर उसके मायके पहुंचा और वहां छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद परिवार वालों ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि कपिल मिश्रा नशे का आदी था और बेरोजगार था। वह अक्सर निशा से पैसों की मांग करता था और उसे मानसिक तथा शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों का आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता ने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Pranjal Gupata
ABOUT THE AUTHOR

Pranjal Gupata

Next Story