Pilibhit News: दिव्यांग महिला ने लगाया फर्जी मुकदमे का आरोप, एसपी से जांच और न्याय की लगाई गुहार

Pilibhit News: पीलीभीत में दिव्यांग महिला ने सड़क हादसे के बाद फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाकर एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की।

Pranjal Gupata
Published on: 30 May 2026 2:52 PM IST
Pilibhit News: दिव्यांग महिला ने लगाया फर्जी मुकदमे का आरोप, एसपी से जांच और न्याय की लगाई गुहार
X

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक दिव्यांग महिला और उसके परिवार ने एक युवती पर साजिश के तहत फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पहले स्कूटी सवार युवती की लापरवाही से सड़क हादसा हुआ, जिसमें दिव्यांग महिला और उसकी भतीजी घायल हो गईं। इसके बाद जब मामले में शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराया गया तो युवती ने दबाव बनाने के लिए उल्टा पूरे परिवार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया।

22 मई को हुई थी दुर्घटना

मामला थाना जहानाबाद क्षेत्र के सेमरखेड़ा गांव का है। पीड़ित परिवार के अनुसार बीती 22 मई को दिव्यांग महिला फरजाना अपनी भतीजी के साथ व्हील चेयर से दवा लेने के लिए रमपुरा जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूटी ने उनकी व्हील चेयर में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि फरजाना और उनकी भतीजी दोनों घायल हो गईं। परिवार का आरोप है कि स्कूटी चला रही युवती प्रियंका एक हाथ में मोबाइल लेकर लापरवाही से स्कूटी चला रही थी और रील बनाने में व्यस्त थी। इसी वजह से यह हादसा हुआ।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा

घटना के बाद पीड़ित दिव्यांग महिला फरजाना ने स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवती प्रियंका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। परिवार का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होगी और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

तीन दिन बाद दर्ज कराया गया दूसरा मुकदमा

पीड़ित परिवार का आरोप है कि दुर्घटना के करीब तीन दिन बाद स्कूटी सवार युवती प्रियंका ने एक साजिश के तहत पलटवार किया। आरोप है कि उसने गांव के ही कुछ अन्य युवकों के खिलाफ पहले से दर्ज एक मुकदमे का हवाला देते हुए दबाव बनाने की बात कही और फिर दिव्यांग महिला फरजाना सहित उनके परिवार के नौ नामजद लोगों के खिलाफ नया मुकदमा दर्ज करा दिया।इस मुकदमे में मारपीट, छेड़छाड़ और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। परिवार का कहना है कि ये सभी आरोप पूरी तरह झूठे और मनगढ़ंत हैं तथा केवल दबाव बनाने के उद्देश्य से लगाए गए हैं।

परिवार ने युवती को बताया शातिर

पीड़ित परिवार का कहना है कि प्रियंका शातिर किस्म की युवती है और गांव के कई लोगों के खिलाफ पहले भी फर्जी मुकदमे दर्ज कराकर उनसे बड़ी रकम वसूलने का काम कर चुकी है। परिवार का आरोप है कि इसी तरीके से उनके खिलाफ भी झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है।

एसपी से की मामले की जांच की मांग

अब पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव को लिखित प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। परिवार ने एसपी से अनुरोध किया है कि दुर्घटना और उसके बाद दर्ज कराए गए मुकदमे की गहराई से जांच कराई जाए तथा यदि आरोप झूठे पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त किया जाए।पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें न्याय की उम्मीद है और वह चाहते हैं कि मामले की सच्चाई सामने आए ताकि किसी निर्दोष व्यक्ति को झूठे मुकदमे का सामना न करना पड़े।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story