TRENDING TAGS :
Pilibhit News: सनसनीखेज वारदात, पत्नी पर पति की गला घोंटकर हत्या का आरोप, खुद पहुंची थाने
Pilibhit News: पीलीभीत में पति की हत्या के आरोप से सनसनी, पत्नी खुद थाने पहुंची और घटना की जानकारी दी। पुलिस पोस्टमार्टम व साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
Pilibhit News
Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के थाना माधोटांडा क्षेत्र के लोहरपुरी गांव में शनिवार सुबह रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद महिला खुद थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उमाशंकर के रूप में हुई है। आरोप है कि पत्नी ने पहले कोल्ड ड्रिंक में कथित रूप से नींद की गोलियां मिलाकर पति को बेहोश किया और इसके बाद साड़ी के फंदे से गला घोंटकर हत्या कर दी। हालांकि पुलिस ने अभी इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। इस वारदात से मृतक के दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। मृतक अपने पीछे 18 वर्षीय पुत्र विकास और 12 वर्षीय पुत्री गीता देवी को छोड़ गया है।
पत्नी खुद पहुंची थाने, पुलिस ने शुरू की जांच
बताया जा रहा है कि कथित हत्या के बाद महिला स्वयं माधोटांडा थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फॉरेंसिक टीम की मदद से भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
दूसरी शादी की बात भी जांच के दायरे में
प्रारंभिक जांच में पुलिस को वर्ष 2024 में महिला की गुजरात निवासी एक व्यक्ति से कथित कोर्ट मैरिज करने की जानकारी मिली है। पुलिस इस पहलू को भी संभावित कारणों में शामिल कर हर एंगल से जांच कर रही है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


