TRENDING TAGS :
Pilbhit News: जामुन के पेड़ से लटकता मिला युवती का शव, गांव में मचा हड़कंप
Pilbhit News: गांव में जामुन के पेड़ से युवती का शव लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Pilbhit News(Photo-Social Media)
Pilbhit News: यूपी के पीलीभीत जनपद की दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 18 वर्षीय युवती का शव गांव के बाहर जामुन के पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्षा (18) पुत्री रामचंद्र निवासी ग्राम जादोपुर बुधवार सुबह तीन बजे घर से लापता हो गई।
परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। बुधवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ निकले गांव के बाहर स्थित एक जामुन के पेड़ पर उसका शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। शव लटका मिलने की सूचना फैलते ही ग्रामीणों की काफी भीड़ मौके पर जुट गई। बताया जा रहा है कि वर्षा अपने परिवार में चार बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के कारणों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि अभी तक आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर दियोरिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। थाना प्रभारी गौतम सिंह ने बताया कि युवती का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन घटना से सदमे में हैं।


