Pratapgarh News: डीएम ने संयुक्त चिकित्सालय का किया निरीक्षण, अनुपस्थित लिपिक को नोटिस जारी

Pratapgarh News: जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने जिला पुस्तकालय, विनियमित क्षेत्र कार्यालय और 100 बेडेड चिकित्सालय का निरीक्षण किया, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

Sanjay Pal Pratapgarh
Published on: 15 Jun 2026 8:40 PM IST
DM inspects joint hospital, issues notice to absent clerk
X

डीएम ने संयुक्त चिकित्सालय का किया निरीक्षण, अनुपस्थित लिपिक को नोटिस जारी (Photo- Newstrack)

Pratapgarh News: प्रतापगढ़। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना ने जिला पुस्तकालय, विनियमित क्षेत्र कार्यालय तथा शिवसत स्थित 100 बेडेड संयुक्त चिकित्सालय का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा लापरवाही मिलने पर नाराजगी भी व्यक्त की। निरीक्षण की शुरुआत जिला पुस्तकालय से हुई, जहां जिलाधिकारी ने अध्ययनरत अभ्यर्थियों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। अभ्यर्थियों ने पुस्तकालय में बैठने के लिए पर्याप्त स्थान न होने की समस्या बताई।

निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश

इस पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक से पुस्तकालय विस्तार की योजना के बारे में जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि पुस्तकालय भवन के ऊपर एवं बगल की खाली भूमि पर अतिरिक्त अध्ययन कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और आकर्षक अध्ययन कक्ष विकसित किए जाएं तथा रचनात्मक गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विनियमित क्षेत्र कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय के लिपिक अमन दूबे अनुपस्थित पाए गए। साथ ही कार्यालय में अभिलेखों और पत्रावलियों का रख-रखाव भी संतोषजनक नहीं मिला। विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी मांगे जाने पर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

अनुशासनहीनता और लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई

उन्होंने लिपिक अमन दूबे के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा अगले दिन पूर्वान्ह 10 बजे जिलाधिकारी कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए। साथ ही उमेश श्रीवास्तव को कार्यालय का कार्य देखने की जिम्मेदारी सौंपी। डीएम ने अपने समक्ष कार्यालय में ताला बन्द करा दिये और स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यों में अनुशासनहीनता और लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा डीएम ने 100 बेडेड संयुक्त चिकित्सालय शिवसत का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्यो की गुणवत्ता का परखा और मौके पर उपस्थित मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए0एन0 प्रसाद को निर्देशित किया कि इसके संचालन हेतु आवश्यक तैयारियॉ पूर्ण करें तथा सम्बन्धित व्यवस्थाओं को दुरूस्त कर करा लें जिससे संयुक्त चिकित्सालय को प्रारम्भ कराया जा सके और आम नागरिकों को स्वास्थ्य सम्बन्धी सेवाओं का लाभ मिल सके।

Sanjay Pal Pratapgarh
ABOUT THE AUTHOR

Sanjay Pal Pratapgarh

Next Story