Pratapgarh News: धान क्रय केंद्रों का डीएम ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

Pratapgarh News: जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने महुली मंडी के धान क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाएं परखीं, किसानों की सुविधा, पारदर्शी खरीद और समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Shashi kant gautam
Published on: 18 Nov 2026 8:29 PM IST
DM inspected paddy procurement centres, gave instructions
X

धान क्रय केंद्रों का डीएम ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश (Photo- Newstrack)

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने महुली मंडी स्थित राजकीय धान क्रय केंद्र प्रथम और द्वितीय के साथ ही साधन सहकारी समिति महुली का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीद की प्रगति और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने क्रय केंद्रों पर मौजूद किसानों से सीधे बातचीत कर धान खरीद की प्रक्रिया, केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

मंडी प्रथम केंद्र पर अब तक 86 कुंतल धान की खरीद

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय धान क्रय केंद्र मंडी-प्रथम के केंद्र प्रभारी आलोक कुमार दूबे से अब तक हुई धान खरीद की जानकारी ली। केंद्र प्रभारी ने बताया कि केंद्र पर अब तक 86 कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि धान में नमी अधिक होने के कारण किसान फिलहाल कम मात्रा में धान लेकर केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। इसके चलते खरीद की रफ्तार धीमी बनी हुई है। धान में नमी कम होने के बाद खरीद में तेजी आने की संभावना है।


जिलाधिकारी ने मौके पर ही धान नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, राजकीय धान क्रय केंद्र मंडी-द्वितीय और साधन सहकारी समिति महुली पर भी किसानों ने धान बिक्री के लिए लाना शुरू कर दिया है।

किसानों को न हो परेशानी, पारदर्शिता से हो खरीद

जिलाधिकारी ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि किसानों से शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शी और सुचारू तरीके से धान की खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध रहनी चाहिए, ताकि उन्हें धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्र प्रभारी किसानों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करें और खरीदे गए धान का भुगतान शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि धान खरीद प्रक्रिया में किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान डिप्टी आरएमओ जितेन्द्र यादव उपस्थित रहे।

Shashi kant gautam
ABOUT THE AUTHOR

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.comskgautam1208@gmail.com

Shashi Kant Gautam is a journalist with over five years of experience in the news industry. He specializes in regional developments, social issues, and community affairs. He holds a degree in Mass Communication and Journalism. Apart from journalism, he enjoys writing, traveling, and sports, which contribute to his curiosity and broad perspective on current affairs.

Next Story