Pratapgarh News: पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह, वीर नारियों का हुआ सम्मान

Pratapgarh News: समारोह में करीब 200 पूर्व सैनिकों और आश्रितों ने लिया हिस्सा, पेंशन, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, वीर नारियों और एनसीसी कैडेटों को किया गया सम्मानित।

Sanjay Pal Pratapgarh
Published on: 18 Nov 2026 8:35 PM IST
Veterans reunion ceremony, heroes honored
X

 पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह, वीर नारियों का हुआ सम्मान (Photo- Newstrack)

Pratapgarh News: भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रित परिवारों के कल्याण, सम्मान एवं समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में भूतपूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप निदेशक सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास उत्तर प्रदेश लखनऊ कर्नल अनिल पाठक रहे। कार्यक्रम में कमाण्डिंग ऑफिसर 18 एनसीसी बटालियन कर्नल आशुतोष सहाय, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सुल्तानपुर कर्नल संजीव श्रीवास्तव, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी अमेठी विंग कमाण्डर अखिलेश पाण्डेय, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी प्रयागराज कर्नल अमित भार्गव तथा ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक दहिलामऊ के डॉ. निहाल खान उपस्थित रहे। समारोह में लगभग 200 भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों ने प्रतिभाग किया। आयोजक जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमाण्डर दिनेश कुमार मिश्र (अ0प्रा0) ने सभी अतिथियों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों का स्वागत एवं अभिनन्दन किया।

समारोह का शुभारम्भ जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी के स्वागत सम्बोधन से हुआ। इस दौरान भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को स्पर्श पेंशन सेल के माध्यम से फौजी जनसेवा केन्द्र, सैनिक परिवार सोशल वेलफेयर पेंशन के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी। कार्यक्रम में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का संचालन कर रहे सूबेदार संतोष कुमार मिश्रा ने भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया।

इस अवसर पर देश की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सैनिकों की वीर नारियों, भूतपूर्व सैनिकों एवं एनसीसी कैडेटों को अंगवस्त्र एवं स्मारिका भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह के माध्यम से वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके योगदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लिए सूक्ष्म जलपान एवं दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई। अन्त में आयोजक जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमाण्डर दिनेश कुमार मिश्र ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही समारोह का समापन हुआ।

Sanjay Pal Pratapgarh
ABOUT THE AUTHOR

Sanjay Pal Pratapgarh

sanjaypal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story