TRENDING TAGS :
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ में मेडिकल एवं नर्सिंग छात्रों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के तुलसी सदन में मेडिकल एवं नर्सिंग छात्रों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में उनकी भूमिका और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर चर्चा की गई।
Pratapgarh News
Pratapgarh News: मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सोमनाथ ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आज तुलसी सदन (हादी हॉल), प्रतापगढ़ में मेडिकल एवं नर्सिंग छात्रों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
देशभर में 8 जून से 14 जून तक चल रहे जनजागरूकता अभियान के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भावी चिकित्सकों एवं नर्सिंग कर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित करना रहा।संवाद कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ चिकित्सकों ने मेडिकल एवं नर्सिंग छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं।
आयुष्मान भारत योजना, नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार एवं चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण जैसे प्रयासों ने आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।वक्ताओं ने छात्रों से आह्वान किया कि वे चिकित्सा सेवा को केवल एक पेशा न मानकर मानवता की सेवा का माध्यम समझें तथा समर्पण, संवेदनशीलता एवं सेवा भाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि देश के भावी चिकित्सक एवं नर्सिंग कर्मी स्वास्थ्य व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके योगदान से ही स्वस्थ एवं विकसित भारत का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में विधायक सदर के प्रतिनिधि अरुण कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सोमनाथ, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र कुमार, हॉस्पिटल मैनेजर डॉ. अवंतिका पांडे, डॉ. अंजली, डॉ. भार्गव, विजय यादव एवं विनीत सहित चिकित्सा एवं शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में मेडिकल एवं नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं सेवा भाव के साथ मरीजों की सेवा करने तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश एवं जनपद का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।


