प्रतापगढ़ को जाम से मिलेगी बड़ी राहत! 52 KM लंबे ग्रीनफील्ड बाईपास का निर्माण जल्द शुरू, किसानों को मिलेगा 300 करोड़ मुआवजा

Pratapgarh Bypass News: इसे लेकर ऐसा माना जा रहा है कि इस बाईपास के बनने से प्रतापगढ़ शहर में वर्षों से लगने वाले जाम से काफी हद तक छुटकारा मिल जाएगा।

Priya Singh Bisen
Published on: 8 May 2026 5:29 PM IST (Updated on: 8 May 2026 5:31 PM IST)
Pratapgarh Bypass News
X

Pratapgarh Bypass News

Pratapgarh Bypass News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम की बड़ी दिक्कतों से राहत मिलने वाली है। शहर में 52 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड बाईपास के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए प्रशासन द्वारा तेजी से भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। लगभग 330 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जाएगी, जिसके बदले किसानों को लगभग 300 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसे लेकर ऐसा माना जा रहा है कि इस बाईपास के बनने से प्रतापगढ़ शहर में वर्षों से लगने वाले जाम से काफी हद तक छुटकारा मिल जाएगा।

वर्मानगर से चिरकुट्टी तक बनेगा बाईपास

जानकारी के मुताबिक, यह दो लेन का ग्रीनफील्ड बाईपास एनएच-31 पर वर्मानगर से चिरकुट्टी तक बनाया जाएगा। यह बाईपास लालगंज, सदर और रानीगंज तहसील क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। परियोजना के दायरे में कुल 47 गांव आएंगे, जहां भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।

प्रशासन का कहना है कि जमीन अधिग्रहण का काम तेजी से किया जा रहा है और लगभग 80 प्रतिशत जमीन उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस महीने या अगले महीने तक अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

परियोजना में बनेंगे फ्लाईओवर और अंडरपास

यह बाईपास केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें आधुनिक यातायात सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। परियोजना के अंतर्गत दो फ्लाईओवर, दो अंडरपास, 41 बॉक्स कल्वर्ट और 33 पाइप कल्वर्ट बनाए जाएंगे। इससे भारी वाहनों और स्थानीय यातायात को सुगम आवागमन में सहायता मिलेगी।

मुख्य राजस्व अधिकारी अजय तिवारी ने बताया कि किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जा रहा है और अधिकतर किसान अपनी जमीन देने के लिए सहमत हैं। प्रशासन का दावा है कि परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में आएगा बड़ा परिवर्तन

प्रतापगढ़ शहर में पिछले कुछ वर्षों में वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिससे बाजारों और मुख्य मार्गों पर हमेशा से लंबा जाम लग जाता है। विशेषकर प्रयागराज और अयोध्या की ओर जाने वाले वाहनों के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती रही है।

ऐसे में यह नया ग्रीनफील्ड बाईपास शहर के बाहर से वाहनों को निकालने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे न सिर्फ शहरवासियों को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों और स्थानीय बाजारों पर भी सकारात्मक रूप से प्रभाव पड़ेगा।

बता दे, इसके अलावा प्रयागराज-अयोध्या हाईवे के समानांतर पहले से बन रहे 20 किलोमीटर लंबे बाईपास का काम भी कई भागों में पूरा हो चुका है। माना जा रहा है कि दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद प्रतापगढ़ जिले की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी।

Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Content Writer

Next Story