TRENDING TAGS :
प्रतापगढ़: दीपावली पर खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाई और घी के 5 नमूने जांच को भेजे
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ में 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई। मांधाता, भूपियामऊ और पट्टी से लड्डू, पेड़ा, कलाकंद व घी के सैंपल लिए गए।
Pratapgarh Food Safety Department
Pratapgarh News: दीपावली पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के अंतर्गत जनपद में विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 अभय कुमार सिंह के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने जनपद के विभिन्न बाजारों में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों के अनुरूप खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। मिलावट अथवा मानक के अनुरूप न होने के संदेह पर विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के कुल 05 नमूने संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा 04 एवं 05 नवम्बर 2026 को की गई कार्रवाई के दौरान कुशहालगंज मांधाता एटी साहू स्वीट्स से बूंदी के लड्डू, भुपियामऊ अवध स्वीट्स एंड फास्ट फूड से कलाकंद, पुलिस लाइन एक खाद्य प्रतिष्ठान से पेड़ा, पृथ्वीगंज रानीगंज सुरेश किराना स्टोर से घी (अनिक) तथा पट्टी आनंद स्वीट्स से कलाकंद का नमूना संग्रहित किया गया।
इस प्रकार जनपद के विभिन्न स्थानों से कुल पांच खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच एवं विश्लेषण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशन सिंह, संतोष कुमार दुबे, यादव संजय कुमार नन्हकू एवं शामशुन नेहा उपस्थित रहे। विभाग द्वारा दीपावली पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रखा जाएगा, ताकि आमजन को मिलावट रहित एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।


