TRENDING TAGS :
सीडीओ ने किसानों की सुनी समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ में किसान दिवस पर किसानों ने सम्मान निधि, आवास और अन्य समस्याएं उठाईं। सीडीओ डॉ. राममोहन मीना ने अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
Pratapgarh News: जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों एवं कृषक संगठनों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के प्रारम्भ में उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह ने उपस्थित किसानों, कृषक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का स्वागत करते हुए किसान दिवस के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। इसके उपरान्त विगत किसान दिवस में किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं के संबंध में संबंधित विभागों से प्राप्त निस्तारण आख्या को किसानों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। पूर्व में उठाई गई समस्याओं का समाधान होने पर किसानों ने संतोष व्यक्त किया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। दुग्ध विकास अधिकारी ने किसानों को अच्छी नस्ल की गाय खरीदने के लिए प्रेरित किया, जिससे दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि के साथ ही उन्हें शासन द्वारा निर्धारित अनुदान का लाभ भी मिल सके। अपर अधिशासी अभियन्ता विद्युत, लालगंज ने पीटीबीडब्ल्यू पोर्टल के माध्यम से सिंचाई कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया समझाई। वहीं जिला उद्यान अधिकारी ने आलू बीज की खरीद पर अनुदान प्राप्त करने के लिए 16 से 30 नवम्बर तक ऑनलाइन आवेदन करने की जानकारी दी।
इस दौरान किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याएं मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखीं। पम्मी सिंह ने ग्राम गोबरी में संबंधित दिव्यांगजन अधिकारी द्वारा किसानों की समस्या का समाधान नहीं किए जाने की शिकायत की। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने तत्काल संबंधित अधिकारी को किसानों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं, कई किसानों ने किसान सम्मान निधि की धनराशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत की। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने उप कृषि निदेशक को प्रकरणों की जांच कर पात्र किसानों की समस्याओं का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इसी क्रम में प्रमिला हरिजन ने कांशीराम आवास उपलब्ध न होने की शिकायत की। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए बैठक के बाद समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक संचालित स्व-गणना प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने की अपील की। उन्होंने स्व-गणना की प्रक्रिया एवं इसके महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों एवं आमजनमानस की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के अन्त में उप कृषि निदेशक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं तथा कृषि निवेशों की उपलब्धता के संबंध में किसानों को जानकारी दी। इसके उपरान्त सभी उपस्थित किसानों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया। बैठक में उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार, जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी एवं किसान बन्धु उपस्थित रहे।


