TRENDING TAGS :
Prayagraj News: ट्रिपल मर्डर से दहला प्रयागराज, एक ही परिवार की तीन लोगों की बेरहमी से हत्या
Prayagraj News: यमुनानगर जोन के मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई।
Prayagraj News
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यमुनानगर जोन के मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। मृतकों की पहचान श्यामलाल उर्फ कल्लू, उनकी पत्नी मंजू देवी और कल्लू की भाभी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने तीनों के सिर पर हमला कर उनकी हत्या की है। वारदात की क्रूरता ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही मेजा थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए लगाया गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है। मौके पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजय पाल शर्मा, डीसीपी गंगानगर जोन विवेक चंद्र यादव और एसीपी मेजा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
हर पहलू से की जा रही जांच
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है तथा जमीनी विवाद, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में भय और शोक का माहौल है।


