TRENDING TAGS :
Prayagraj News: आठ वर्षीय बच्ची के अपहरण का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार, CCTV में कैद हुई वारदात
Prayagraj News: लवायन कला गांव में ट्रैक्टर पर बैठी बच्ची को ले जाने की कोशिश, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी बंटू को गिरफ्तार किया।
आठ वर्षीय बच्ची के अपहरण का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार, CCTV में कैद हुई वारदात (Photo- Newstrack)
Prayagraj News: यमुनानगर क्षेत्र के औद्योगिक थाना अंतर्गत लवायन कला गांव में एक 8 वर्षीय बच्ची के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची इन दिनों अपने ननिहाल आई हुई थी। शुक्रवार शाम वह घर के पास खड़े एक ट्रैक्टर पर बैठी थी।
इसी दौरान करीब 30-35 वर्षीय एक व्यक्ति, जिसकी पहचान 'बंटू' के रूप में हुई है, साइकिल से वहां पहुंचा और बच्ची को अपने साथ ले जाने लगा। जब बच्ची घर पर नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और ग्रामीणों को भी सूचना दी।
ग्रामीणों की सक्रियता से सुरक्षित बची बच्ची
राहगीरों की सतर्कता और ग्रामीणों की सक्रियता के चलते बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस पूरी घटना की तस्वीरें और वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए, जिससे मामले को लेकर कई महत्वपूर्ण सुराग मिले।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि शुरुआत में औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और इसे बच्ची के रास्ता भटक जाने की घटना बताया। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज सामने आने और मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की।
पुलिस ने रविवार को आरोपी बंटू को करछना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत कुरिया गांव में अपनी बहन के घर रह रहा था, जबकि वह मूल रूप से करछना थाना क्षेत्र के ककरम गांव का निवासी है।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीण और परिजन थाने पहुंचे तथा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


