TRENDING TAGS :
Raebareli News: ऑटो से 150 किलो पनीर बरामद, 148 किलो कराया नष्ट
Raebareli News: बछरावां में चेकिंग के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्रवाई, अमेठी के अकेलवा चौराहे से खरीदकर दुकानों पर सप्लाई हो रहा था पनीर।
ऑटो से 150 किलो पनीर बरामद, 148 किलो कराया नष्ट (Photo- Newstrack)
Raebareli News: जिले में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर बछरावां बाजार में की गई चेकिंग के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक ऑटो से 150 किलोग्राम पनीर बरामद किया। पनीर के अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में भंडारित पाए जाने पर 148 किलोग्राम पनीर विक्रेता से मौके पर ही नष्ट करा दिया गया, जबकि जांच के लिए एक विधिक नमूना संग्रहित किया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य मानिक चन्द्र ने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बछरावां बाजार में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शेफाली रस्तोगी एवं महेंद्र यादव के साथ थाना बछरावां का पुलिस बल भी मौजूद रहा।
चेकिंग के दौरान बछरावां थाने के सामने एक ऑटो को रोककर जांच की गई। ऑटो में विक्रय के लिए ले जाया जा रहा पनीर मिला। पूछताछ में खाद्य कारोबारकर्ता ने अपना नाम जोगिंदर तथा ऑटो चालक ने अपना नाम सलीम बताया। जांच में ऑटो के अंदर कुल 150 किलोग्राम पनीर भंडारित पाया गया।
पूछताछ के दौरान विक्रेता ने बताया कि वह अमेठी जनपद के अकेलवा चौराहे से पनीर खरीदकर रायबरेली जनपद की विभिन्न दुकानों पर इसकी सप्लाई करता है। पनीर के मानव उपभोग के लिए अधोमानक अथवा असुरक्षित होने की आशंका के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने उसका एक विधिक नमूना लेकर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की। वहीं, पनीर के अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में भंडारित पाए जाने के कारण शेष 148 किलोग्राम पनीर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित बिक्री सुनिश्चित करने के लिए विभाग की टीमें लगातार जांच एवं छापेमारी करेंगी।


