TRENDING TAGS :
Raebareli News: तीन दिन की लगातार बारिश के बाद प्रशासन अलर्ट, 24 घंटे में राहत देने के निर्देश
Raebareli News: रायबरेली में तीन दिन की लगातार बारिश के बाद प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों को 24 घंटे में राहत देने के निर्देश।
Raebareli News(Photo-Social Media)
Raebareli News: जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद जिला प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने सभी उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देशित किया है कि हाल के दिनों में हुई अतिवृष्टि से हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर रिपोर्ट तैयार की जाए। करीब एक माह की अवधि में बारिश के कारण हुए मकान, पशु और फसल नुकसान का विशेष रूप से आकलन करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में भ्रमण कर वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाई जाए और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विशेष रूप से मकान और पशु हानि के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को कहा है। निर्देशों के मुताबिक, पात्र प्रभावित लोगों को राहत राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और मकान अथवा पशु हानि के मामलों में 24 घंटे के भीतर संबंधित पीड़ितों को राहत उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
प्रशासन की ओर से फसल नुकसान का भी सर्वे कराया जाएगा, ताकि बारिश और अतिवृष्टि से किसानों को हुए नुकसान का सही आकलन किया जा सके। एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में राजस्व विभाग की टीमों के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण कराकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार करेंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे में किसी भी प्रभावित व्यक्ति का नुकसान छूटना नहीं चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए जलभराव और क्षतिग्रस्त मकानों की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।
प्रशासन के अनुसार, बारिश के कारण जिले में अभी तक जनहानि की कोई सूचना नहीं है। हालांकि मकान, पशु और फसल नुकसान के मामलों को लेकर प्रशासन ने तत्काल राहत एवं सर्वे की कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि आपदा की स्थिति में पीड़ित परिवारों को समय से सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।


