एम्स रायबरेली में नर्सिंग के नए विद्यार्थियों का दीप प्रज्ज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

Raebareli News: एम्स रायबरेली के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बीएससी नर्सिंग एवं एलाइड एंड हेल्थकेयर के चौथे बैच के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए दीप प्रज्ज्वलन, शपथ ग्रहण एवं पिन-अप समारोह आयोजित हुआ।

Narendra Singh
Published on: 26 Nov 2026 7:17 AM IST
एम्स रायबरेली में नर्सिंग के नए विद्यार्थियों का दीप प्रज्ज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
X

Raebareli News

Raebareli News: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायबरेली के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग एवं एलाइड एंड हेल्थकेयर के चौथे बैच (बैच-2026) के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए दीप प्रज्ज्वलन, शपथ ग्रहण एवं पिन-अप समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में निष्ठा, संवेदनशीलता, करुणा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वहीं, पिन-अप समारोह की अध्यक्षता परीक्षा अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) प्रगति गर्ग ने की। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों को गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप की ज्योति प्रदान की गई। यह परंपरा विद्यार्थियों के व्यावसायिक जीवन में प्रवेश और मानव सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बनी।कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने अपने संबोधन में आधुनिक नर्सिंग सेवा की आधारशिला रखने वाली फ्लोरेंस नाइटिंगेल के योगदान को याद किया। उन्होंने नर्सिंग के क्षेत्र में दीप के प्रतीकात्मक महत्व को समझाते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से रोगियों के प्रति संवेदनशीलता, सहानुभूति और पूर्ण निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने नर्सिंग शपथ ग्रहण कर निःस्वार्थ भाव से रोगियों की सेवा करने, करुणा एवं संवेदनशीलता बनाए रखने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लिया। कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रधानाचार्य नरेंद्र पाल सिंह चौधरी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नर्सों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। रोगियों की देखभाल के साथ उनके प्रति मानवीय व्यवहार और जिम्मेदारी का निर्वहन करना भी नर्सिंग पेशे का अभिन्न अंग है।इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) अर्चना वर्मा, अधिष्ठाता (अनुसंधान), उपनिदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह, डॉ. सदाशिव, नोडल अधिकारी (एलाइड एंड हेल्थ साइंसेज), डॉ. सौरभ पाल, अपर कुलसचिव, डॉ. ए. विजय बाबू, सह-नोडल अधिकारी (एलाइड एंड हेल्थ साइंसेज), वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अरविंद शुक्ला, मेजर अंजना सिंह सहित नर्सिंग संकाय के सदस्य उपस्थित रहे।

समारोह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों के जीवन में एक नई शुरुआत का संदेश दिया। दीप की ज्योति के साथ विद्यार्थियों ने चिकित्सा सेवा के मूल मंत्र मानवता, सेवा और समर्पण को अपने व्यावसायिक जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story