Raebareli में अखिलेश यादव का बड़ा शो, PDA रथ से निकले, बुलडोजर से पहनाई जाएगी फूलों की माला

Akhilesh Yadav Raebareli: अखिलेश यादव के दौरे को लेकर जिले में सपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह स्वागत के लिए कैंप लगाए गए हैं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए जुटे हैं।

Narendra Singh
Published on: 24 Sept 2026 2:46 PM IST (Updated on: 24 Sept 2026 3:01 PM IST)
Akhilesh Yadav Raebareli
X

Akhilesh Yadav Raebareli

Akhilesh Yadav Raebareli: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को रायबरेली पहुंचे। बछरावां के चुरुआ बॉर्डर पर पहुंचते ही सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद अखिलेश यादव भगवा रंग के PDA रथ पर सवार होकर रायबरेली के 41 किलोमीटर लंबे सफर पर निकले। रथ पर कई जगह नीली पट्टी के साथ “जो पीड़ित, वो PDA” का संदेश लिखा है। रथ का ड्राइविंग जिम्मा सरदार के हाथों में है।

अखिलेश यादव के दौरे को लेकर जिले में सपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह स्वागत के लिए कैंप लगाए गए हैं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए जुटे हैं। पार्टी नेताओं और विधानसभा टिकट के दावेदारों ने भीड़ जुटाकर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने में पूरी ताकत लगा दी है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं।

बुलडोजर से पहनाई जाएगी फूलों की माला

अखिलेश यादव के स्वागत के लिए आईटीआई मोड़ पर भी विशेष तैयारी की गई है। यहां दो बुलडोजर खड़े किए गए हैं, जिनके जरिए अखिलेश यादव को फूलों की बड़ी माला पहनाए जाने की तैयारी है। सपा के इस स्वागत कार्यक्रम को लेकर चर्चा है कि जिस बुलडोजर मॉडल को लेकर भाजपा सरकार की राजनीति चर्चा में रही है, उसी अंदाज को सपा ने भी अपने स्वागत कार्यक्रम में इस्तेमाल किया है।

राहुल लोधी के घर होगी PDA की चाय पर चर्चा

अखिलेश यादव के रायबरेली दौरे का राजनीतिक महत्व भी काफी अहम माना जा रहा है। हाल ही में सपा की सदस्यता अभियान के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं से विवाद और सदर कोतवाल शिव शंकर सिंह तथा सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव के बीच हुई कथित कहासुनी के बाद यह दौरा और भी चर्चा में है। हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी की ओर से धक्का-मुक्की के आरोपों के बीच अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल लोधी के घर चाय पीने जाने की बात कही थी।

इसी क्रम में अखिलेश यादव हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के घर पहुंचकर “PDA की चाय पर चर्चा” करेंगे। इसके साथ ही राहुल लोधी के पिता की पुण्यतिथि कार्यक्रम में भी शामिल होने की बात कही जा रही है।

अखिलेश यादव का दौरा रायबरेली में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जीआईसी मैदान में जनसभा के जरिए पार्टी चुनावी बिगुल फूंकने की तैयारी में है। सपा कार्यकर्ताओं का दावा है कि जिले में करीब दो हजार स्थानों पर स्वागत की तैयारी की गई है।

चुरुआ बॉर्डर पर पहुंचने के बाद अखिलेश यादव का भव्य स्वागत हुआ, हालांकि उन्होंने चुरुआ हनुमान मंदिर में दर्शन नहीं किए। पूरे दौरे में सपा नेताओं की नजर संगठन की ताकत, कार्यकर्ताओं की भीड़ और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट की दावेदारी पर भी टिकी हुई है।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story