Raebareli News: अमावां क्षेत्र पंचायत बैठक: 16 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, ग्रामीण विकास पर जोर

Raebareli News: रायबरेली के अमावां क्षेत्र पंचायत सभागार में हुई बैठक में विधायक अदिति सिंह और ब्लॉक प्रमुख वैशाली सिंह ने 16 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

Narendra Singh
Published on: 8 May 2026 7:49 PM IST
Raebareli News: अमावां क्षेत्र पंचायत बैठक: 16 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, ग्रामीण विकास पर जोर
X

Raebareli News

Raebareli News: विकास खंड अमावां के सभागार में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत की सामान्य बैठक आयोजित की गई, जिसमें विकास कार्यों, जनसमस्याओं और ग्रामीण योजनाओं को लेकर व्यापक चर्चा हुई। सदर विधायक Aditi Singh और ब्लॉक प्रमुख वैशाली सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में करोड़ों रुपये की लागत से पूर्ण हुई 16 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।बैठक के दौरान ग्रामीण विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की गईं। इस दौरान खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह के प्रयासों की विशेष सराहना हुई। बताया गया कि उनके प्रयास से एक बेसहारा दिव्यांग को न केवल ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई, बल्कि उसके लिए आवास की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

ब्लॉक प्रमुख वैशाली सिंह ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों में चौपाल लगाकर मौके पर लोगों की समस्याओं का निस्तारण करें। साथ ही शिकायतों पर फीडबैक लेकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में ग्राम प्रधानों ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर सदन ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए संबंधित सड़कों का भौतिक सत्यापन कराने और रिपोर्ट शासन को भेजकर शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की।

विधायक अदिति सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए ब्लॉक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने पंचायत भवनों को योजनाओं के संचालन और प्रचार-प्रसार का केंद्र बनाने पर जोर देते हुए उन्हें डिजिटल और प्रशासनिक रूप से और अधिक सक्रिय करने की बात कही।बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव, प्रधान संघ अध्यक्ष अमावां, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story