Raebareli: अमेठी की 13 साल की मासूम बनी मां, मिशन शक्ति के दावों और बाल सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

Raebareli News: अमेठी की 13 वर्षीय नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता ने रायबरेली के जिला महिला अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया। मिशन शक्ति के दावों पर उठे सवाल।

Narendra Singh
Published on: 10 Nov 2026 5:07 PM IST
Raebareli: अमेठी की 13 साल की मासूम बनी मां, मिशन शक्ति के दावों और बाल सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
X

Raebareli District Women Hospital

Raebareli News: उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' और महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान के बीच एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। अमेठी जनपद के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र की महज 13 वर्षीय नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता ने रायबरेली के जिला महिला अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया है। इतनी कम उम्र में किशोरी के मां बनने की घटना ने बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता अभियानों की जमीनी हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक ओर पुलिस और संबंधित विभाग गांव-गांव तथा शहर-शहर पहुंचकर मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने का दावा कर रहे हैं। स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर गुड टच-बैड टच की जानकारी दी जा रही है। बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और गलत हरकतों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मिशन शक्ति के विभिन्न चरणों के माध्यम से महिला सुरक्षा को लेकर लगातार कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसके बावजूद महज 13 साल की बच्ची के साथ हुई इस घटना ने व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है।

तीन माह पहले आरोपी भेजा जा चुका है जेल

मामले के अनुसार, किशोरी का अपने रिश्ते में चचेरे मामा के लड़के गौरव से संपर्क था। आरोप है कि किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद गौरव ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने करीब तीन माह पहले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब किशोरी ने रायबरेली के जिला महिला अस्पताल में सामान्य प्रसव के दौरान एक बच्ची को जन्म दिया है। चिकित्सकों के अनुसार जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।

आखिर कहां चूक रही बाल सुरक्षा व्यवस्था?

इस घटना ने कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी कम उम्र की बच्ची के साथ हुई कथित यौन हिंसा को समय रहते क्यों नहीं रोका जा सका? क्या परिवार या आसपास के लोगों को इसकी जानकारी पहले थी? बालिकाओं की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार तंत्र को ऐसी घटनाओं की समय रहते पहचान करने और प्रभावी हस्तक्षेप करने की जरूरत नहीं है?

महज 13 साल की उम्र में एक बच्ची का मां बनना केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि बाल संरक्षण व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती है। यह मामला बताता है कि जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ उनकी जमीनी निगरानी, समय पर शिकायतों का संज्ञान और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी बेहद जरूरी है।

अब सवाल यह है कि मिशन शक्ति के तमाम अभियानों के बावजूद ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक कब लगेगी? जरूरत केवल नारों और जागरूकता कार्यक्रमों की नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था की है, जिसमें हर बच्ची सुरक्षित हो और किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story