Raebareli News: बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में सौहार्द बनाए रखने की अपील

Raebareli News: रायबरेली में बकरीद के मद्देनजर प्रशासन सतर्क हो गया है। शांति समिति की बैठक में अधिकारियों ने आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की।

Narendra Singh
Published on: 23 May 2026 2:44 PM IST
Raebareli News: बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में सौहार्द बनाए रखने की अपील
X

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में शहर कोतवाली परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने की। इस दौरान स्थानीय धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि, व्यापारी और शहर के संभ्रांत नागरिक भी मौजूद रहे।

त्योहार की तैयारियों की हुई समीक्षा

बैठक के दौरान जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि त्योहार को लेकर स्थानीय व्यापारियों और प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के साथ विस्तार से चर्चा की गई है। सभी लोगों से अपील की गई है कि रायबरेली की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाए। जिलाधिकारी ने नगर पालिका और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही चूने का छिड़काव और निर्बाध जलापूर्ति की व्यवस्था भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त

बैठक में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि त्योहार के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर

बैठक के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अगर कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें।

24 घंटे अलर्ट रहेगा प्रशासन

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने संयुक्त रूप से लोगों को भरोसा दिलाया कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि हर नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सके और जिले में भाईचारा और शांति कायम रहे।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story