TRENDING TAGS :
Raebareli News: बेला खारा गौशाला में गोवंशों के लिए बेहतर इंतजाम, देखरेख में तैनात 10 गोसेवक
Raebareli News: रायबरेली की बेला खारा गौशाला में गोवंशों के लिए चारा-पानी और गर्मी से बचाव समेत बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। न्यूज़ ट्रैक की ग्राउंड रिपोर्ट में गौशाला की व्यवस्थाएं सामने आईं। यहां गोवंशों की देखरेख के लिए 10 गोसेवक तैनात हैं।
Raebareli News(Photo-Social Media)
Raebareli News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप गोवंशों के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर रखरखाव को लेकर प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। गोवंशों को सुरक्षित आश्रय, पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में जिले की गौशालाओं में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए न्यूज़ ट्रैक की टीम ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर सदर तहसील क्षेत्र के बेला खारा गांव स्थित गौशाला का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यहां गोवंशों के लिए कई जरूरी सुविधाएं उपलब्ध मिलीं।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता के प्रयासों से गोवंश संरक्षण की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। बेला खारा गौशाला में गोवंशों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था देखने को मिली। इसके साथ ही हरे चारे, भूसे और पशु आहार की उपलब्धता भी पाई गई। गर्मी से गोवंशों को राहत देने के लिए परिसर में स्प्रिंकलर लगाए गए हैं, जिससे मौसम के प्रतिकूल प्रभाव से पशुओं को बचाने में मदद मिल सके।
गोवंशों की पहचान के लिए कानों में लगे मिले टैग
ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान गौशाला में मौजूद गोवंशों के कानों में टैग लगे मिले। इन टैगों के माध्यम से गोवंशों की पहचान करने और उनसे संबंधित अभिलेखों के रखरखाव में मदद मिलती है। वहीं, पशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए पशु चिकित्सकों की टीम की व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी सामने आई। गौशाला में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता भी पर्याप्त बताई गई, ताकि जरूरत पड़ने पर गोवंशों को उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
10 गोसेवकों के जिम्मे देखरेख की जिम्मेदारी
गौशाला में गोवंशों की नियमित देखभाल, चारा-पानी की व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए 10 गोसेवकों की तैनाती की गई है। गोसेवकों की जिम्मेदारी है कि गोवंशों को समय पर चारा और पानी मिले तथा उनके रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही न हो। पशुओं के स्वास्थ्य पर निगरानी और परिसर की स्वच्छता भी इस व्यवस्था का अहम हिस्सा है।
व्यवस्थाओं को निरंतर बनाए रखना जरूरी
प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर गौशालाओं में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। ऐसे में जरूरी है कि गौशालाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए और चारा, पानी, दवाओं, साफ-सफाई तथा पशु चिकित्सा से जुड़ी व्यवस्थाएं लगातार दुरुस्त रखी जाएं। इससे गोवंशों को सुरक्षित आश्रय देने के साथ उनके स्वास्थ्य और उचित देखभाल को भी सुनिश्चित किया जा सकता है। न्यूज़ ट्रैक की ग्राउंड रिपोर्ट में बेला खारा गौशाला में गोवंशों के लिए चारा-पानी, गर्मी से बचाव, पहचान और देखरेख से जुड़ी व्यवस्थाएं देखने को मिलीं। अब इन सुविधाओं को नियमित रूप से बनाए रखना महत्वपूर्ण होगा, ताकि गोवंश संरक्षण का उद्देश्य धरातल पर प्रभावी ढंग से पूरा हो सके।


