Raebareli में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया छठ महापर्व, साईं नदी के घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Raebareli News: रायबरेली में छठ महापर्व पर साईं नदी घाट पर व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। प्रशासन ने सुरक्षा, सफाई और रोशनी के पुख्ता इंतजाम किए। सुबह समापन होगा।

Narendra Singh
Published on: 15 Nov 2026 7:38 PM IST
Chhath Mahaparva celebrated with faith and devotion in Raebareli, flood of faith at the ghat of Sai River
X

Raebareli में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया छठ महापर्व, साईं नदी के घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब (Photo- Newstrack)

Raebareli News: लोक आस्था, सूर्य उपासना और कठिन तपस्या का महापर्व छठ रविवार को रायबरेली में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के साईं नदी तट सहित विभिन्न घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शाम होते ही पूरा घाट छठी मइया के पारंपरिक गीतों और सूर्यदेव के जयकारों से गूंज उठा। व्रती महिलाओं ने नदी के पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।

छठ पूजा के अवसर पर साईं नदी के घाट पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर पूजन सामग्री से सजे दउरा और सूप लेकर घाटों पर पहुंचीं। परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए। घाटों पर दीपों की रोशनी और छठी मइया के गीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।

पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं नगर पालिका की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गईं। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा के इंतजाम किए गए। वहीं नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह के नेतृत्व में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई गईं। नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए गोताखोरों की तैनाती के साथ नावों की भी व्यवस्था की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

छठ महापर्व केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, त्याग और पारिवारिक एकता का प्रतीक भी है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में व्रती महिलाएं पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ सूर्यदेव एवं छठी मइया की आराधना करती हैं।

अब सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story