TRENDING TAGS :
Raebareli News: सीएम दौरे से पहले सुरक्षा तैयारियां तेज, आईजी ने की समीक्षा
Raebareli News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित रायबरेली दौरे से पहले आईजी रेंज ने सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
सीएम दौरे से पहले सुरक्षा तैयारियां तेज, आईजी ने की समीक्षा (Photo- Newstrack)
Raebareli News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 24 अगस्त को प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर पुलिस एवं जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आईजी रेंज किरण यश शुक्रवार को रायबरेली पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जीआईसी परिसर में बनाए जा रहे पार्किंग स्थल का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रवि कुमार सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद आईजी रेंज ने पुलिस कार्यालय स्थित किरण हाल में राजपत्रित अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा एवं कानून-व्यवस्था की बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक रूट डायवर्जन, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। आईजी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें।
बैठक में जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा शासन की प्राथमिकताओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सावन माह के अंतिम चरण और आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए ताकि जनपद में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।
आईजी किरण यश ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के लिए ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता रूपरेखा तैयार कर ली गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और प्रत्येक व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
बैठक के दौरान अधिकारियों के सीयूजी फोन पर आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सीयूजी नंबर जनता की सुविधा के लिए जारी किए गए हैं, इसलिए कार्यालय समय में आने वाली कॉल का हर हाल में जवाब दिया जाए। यदि किसी कारणवश कॉल रिसीव न हो सके तो संबंधित अधिकारी शीघ्र कॉल बैक कर लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। आईजी ने स्पष्ट किया कि आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


