Raebareli News: पुलिस और शातिर लुटेरों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार

Raebareli News: रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात एसओजी और लालगंज पुलिस की एक शातिर लुटेरों के गिरोह के साथ मुठभेड़ हो गई।

Narendra Singh
Published on: 25 April 2025 8:38 AM IST
Raebareli news
X

Encounter between police and vicious robbers one miscreant (Social Media)

Raebareli News: रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात एसओजी और लालगंज पुलिस की एक शातिर लुटेरों के गिरोह के साथ मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मुठभेड़ में कुल तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ये तीनों बदमाश रायबरेली में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

घटनास्थल पर पहुंचे एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार रात थाना लालगंज क्षेत्र के फतेहपुर रोड पर अम्बारा पश्चिम मोड़ के पास एसओजी, सर्विलांस टीम और लालगंज पुलिस संयुक्त रूप से चेकिंग कर रही थी। पुलिस को इन बदमाशों के आने की सूचना पहले से थी। फतेहपुर की तरफ से एक पल्सर बाइक पर तीन संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखकर ये सभी भागने लगे।

एडिशनल एसपी ने बताया कि भाग रहे अभियुक्तों में से दो को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया, जबकि एक अन्य बदमाश ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें उस बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई।

गोली लगने वाले घायल बदमाश की पहचान आदित्य वर्मा पुत्र चन्द्र किशोर वर्मा, निवासी मिलिट्री कैम्प थाना जूही, जनपद दक्षिणी कमिश्नरेट कानपुर नगर के रूप में हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी लालगंज ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

इस मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए अन्य दो बदमाशों की पहचान दीपक कश्यप उर्फ राजेश और अंकित उर्फ पवन में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 2 अदद तमंचा, 1 अदद खोखा (315 बोर) और 3 अदद जिंदा कारतूस (315 बोर) के साथ लूट से संबंधित सामान भी बरामद किया है।

एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि इस मुठभेड़ में कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

Next Story