Raebareli News: स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू, बूथों पर सुबह से मतदाताओं में दिखा उत्साह

Raebareli News: रायबरेली में स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला।

Narendra Singh
Published on: 23 Oct 2026 12:14 PM IST
Raebareli News
X

Raebareli News(Photo-Social Media)

Raebareli News: रायबरेली जिले में लखनऊ खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह मतदान शुरू हो गया। मतदान को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। शिक्षक और स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।

जिले में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 6 जोनल मजिस्ट्रेट और 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

33 हजार से अधिक मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

लखनऊ खंड स्नातक एमएलसी चुनाव में करीब 29 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जबकि शिक्षक एमएलसी चुनाव में लगभग 4,300 मतदाता मतदान करेंगे। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 13 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 16 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिले के जीजीआईसी, जीआईसी और 18 विकासखंड कार्यालयों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

डीएम बोलीं—अब तक नहीं मिली कोई शिकायत

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मतदान व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा रहा है। सुबह 10 बजे तक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में करीब 10 प्रतिशत और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 4.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि अभी तक किसी भी मतदान केंद्र से शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। सभी केंद्रों पर मतदान सुचारु रूप से चल रहा है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और मतदान प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

मतदाताओं ने भी जताई खुशी, बोले—व्यवस्थाएं बेहतर

मतदान करने पहुंचीं शिक्षिका मनीषा ने बताया कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग करने आई हैं। वहीं मतदाता मुनीर अहमद अंसारी ने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि का चुनाव होना चाहिए, जो व्यापारियों के हितों में काम करे और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाए। उन्होंने मतदान केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। फिलहाल जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं। वहीं प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद करने के लिए शिक्षक और स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story