Raebareli में श्रद्धा दुबे को बिना ID होटल में नहीं मिला कमरा, आगरा में क्यों, व्यवस्था पर उठे सवाल

Raebareli News: रायबरेली के दो होटलों में श्रद्धा दुबे को पहचान पत्र के बिना कमरा नहीं मिला। आगरा में बिना आईडी ठहरने के दावे की पुष्टि बाकी, सत्यापन व्यवस्था पर चर्चा तेज।

Narendra Singh
Published on: 20 Oct 2026 10:48 PM IST
Raebareli Shraddha Dubey without ID found room in hotel
X

Raebareli में श्रद्धा दुबे को बिना ID होटल में नहीं मिला कमरा, आगरा में क्यों, व्यवस्था पर उठे सवाल (पुलिस अधीक्षक रवि कुमार) (Photo- Newstrack)

Raebareli News: रायबरेली जिले में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में कानून व्यवस्था को लेकर बरती जा रही सख्ती और पुलिस की सक्रिय कार्यप्रणाली का असर अब होटल संचालकों की सतर्कता में भी देखने को मिल रहा है। चर्चित शिवा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में नाम सामने आने के बाद फरार चल रही श्रद्धा दुबे को रायबरेली के दो होटलों में बिना पहचान पत्र के कमरा नहीं मिल सका। वहीं, आगरा में कथित तौर पर बिना आईडी के होटल में ठहरने की सुविधा मिलने की बात सामने आने से दोनों जिलों की होटल व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धा दुबे रायबरेली पहुंचने के बाद ठहरने के लिए होटल की तलाश में थीं। इस दौरान हरचंदपुर थाना क्षेत्र के डिडौली स्थित रॉयल इन होटल और शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रीत होटल में कमरा लेने का प्रयास किया गया। हालांकि, दोनों होटलों के प्रबंधकों ने पहचान पत्र के बिना कमरा देने से साफ इनकार कर दिया।

होटल प्रबंधकों की इस सतर्कता को जिले में पुलिस की सक्रियता और नियमों के प्रति बढ़ती जागरूकता से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।

आगरा में मिला कमरा, रायबरेली में नियम बने बाधा

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल आगरा और रायबरेली के होटल संचालकों की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहा है। बताया जा रहा है कि आगरा में श्रद्धा दुबे को कथित तौर पर बिना पहचान पत्र के होटल में ठहरने की सुविधा दी गई थी, जबकि रायबरेली में होटल प्रबंधकों ने बिना आईडी कमरा देने से इनकार कर दिया। हालांकि, आगरा में बिना आईडी कमरा दिए जाने के दावे की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

एसपी रवि कुमार की कार्यशैली की चर्चा

रायबरेली में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और कानून व्यवस्था को लेकर अपनाए जा रहे सख्त रुख की चर्चा है। होटल संचालकों द्वारा पहचान पत्र के नियम का पालन किए जाने को पुलिस की सतर्कता का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

इस घटनाक्रम ने यह संदेश जरूर दिया है कि होटल संचालकों की थोड़ी सी सतर्कता भी संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

फिलहाल, श्रद्धा दुबे प्रकरण ने एक बार फिर होटल में ठहरने वाले व्यक्तियों के पहचान पत्र सत्यापन और पुलिस निगरानी व्यवस्था की अहमियत को सामने ला दिया है।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story