TRENDING TAGS :
Raebareli News: मानवता की मिसाल, दिव्यांग युवक ने साथियों संग फंसे ई-रिक्शा चालक की बचाई जान
Raebareli News: रायबरेली के जेल रोड पर भीषण जाम में फंसे ई-रिक्शा चालक की मदद दिव्यांग युवक बउआ सिंह भदौरिया और उनके साथियों ने की। इस मानवता भरे कदम की हर तरफ सराहना हो रही है।
Raebareli News(Photo-Social Media)
Raebareli News: रायबरेली के जेल रोड पर उस समय इंसानियत की एक प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली, जब भीषण जाम और चिलचिलाती धूप के बीच एक असहाय ई-रिक्शा चालक की मदद के लिए लोग आगे आए। दोपहर के समय सड़क पर ट्रैफिक का दबाव अचानक बढ़ गया था, जिसके कारण एक गरीब चालक का ई-रिक्शा बीच सड़क पर गिट्टी फंसने से बंद हो गया। तेज धूप में वाहन बंद होने से पीछे लंबी वाहनों की कतार लग गई। लोग गर्मी और झुंझलाहट में अपनी गाड़ियों के शीशे बंद कर केवल हॉर्न बजा रहे थे, जबकि कुछ लोग चालक पर नाराजगी जता रहे थे। भीड़ में कोई भी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया।
दिव्यांग युवक और साथियों ने पेश की मिसाल
इसी दौरान समाजसेवी बउआ सिंह भदौरिया अपने साथी सौरभ सिंह और सराफत अली के साथ वहां से गुजर रहे थे। सड़क पर फंसे चालक की परेशानी और लोगों की बेरुखी देखकर वे तुरंत रुक गए। काबिले तारीफ बात यह रही कि बउआ सिंह भदौरिया दिव्यांग होने के बावजूद अपने जज्बे से पीछे नहीं हटे। उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर ई-रिक्शा को धक्का लगाना शुरू किया और कुछ ही मिनटों में उसे सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू कर दिया।
चेहरे की मुस्कान ने जीता दिल
जब रिक्शा सुरक्षित स्थान पर पहुंचा, तो चालक के चेहरे पर आई राहत और मुस्कान ने वहां मौजूद हर व्यक्ति का दिल जीत लिया।
इस दौरान बउआ सिंह भदौरिया ने कहा,
“जब उस ऑटो चालक के चेहरे पर मुस्कान आई, तो दिल को सुकून मिला। किसी की छोटी सी मदद भी इंसान को बड़ी खुशी दे सकती है।” आज के समय में जहां लोग अक्सर घटनाओं को केवल वीडियो में कैद करते हैं, वहीं बउआ सिंह भदौरिया और उनके साथियों ने यह साबित किया कि इंसानियत अभी भी जिंदा है। उनकी इस पहल की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।


