Raebareli News: मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की पहल, सुरक्षा काफिला और फिजूलखर्ची पर लगाई रोक

Raebareli News: रायबरेली में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने ईंधन बचत अभियान के तहत सुरक्षा काफिला और अनावश्यक सरकारी तामझाम न लगाने का फैसला किया। पहल की सराहना हो रही है।

Narendra Singh
Published on: 14 May 2026 1:40 PM IST
Raebareli News
X

Raebareli News(Photo-Social Media)

Raebareli News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन संरक्षण और ऊर्जा बचत की अपील का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने सरकारी संसाधनों के अपव्यय को रोकने के लिए एक महत्वपूर्ण और अनुकरणीय पहल की है।

डीएम और एसपी को लिखा पत्र

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने रायबरेली के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) को पत्र लिखकर निर्देश दिया है कि जिले में उनके प्रवास के दौरान अनावश्यक सुरक्षा काफिला न लगाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामान्य तौर पर थाने से थाने की सीमा तक जो एस्कॉर्ट और सुरक्षा वाहन चलते हैं, उनकी अब आवश्यकता नहीं है।

अधिकारियों के काफिले पर रोक

मंत्री ने अधिकारियों को भी सख्त संदेश दिया है कि पार्टी या सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होते समय उनके साथ अनावश्यक वाहनों का काफिला न चले। उन्होंने कहा कि केवल संबंधित विभाग का अधिकारी ही वाहन का उपयोग करेगा और फिजूल में गाड़ियों का लाव-लश्कर नहीं होना चाहिए।

सादगी और सार्वजनिक परिवहन पर जोर

दिनेश प्रताप सिंह ने जनहित और सरकारी कार्यों में सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग की वकालत की है। उन्होंने प्रशासन से यह भी अपील की है कि उनके लिए किसी भी प्रकार के भव्य या उत्सव जैसे कार्यक्रमों का आयोजन न किया जाए, क्योंकि इससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती है।

राष्ट्रहित में लिया गया निर्णय

मंत्री ने अपने पत्र में कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि ईंधन बचाना सभी की जिम्मेदारी है और यदि सुरक्षा एजेंसियां किसी विशेष परिस्थिति में सुरक्षा आवश्यक समझें तो निर्णय ले सकती हैं। रायबरेली में मंत्री की इस पहल की सराहना हो रही है और इसे वीआईपी संस्कृति में बदलाव तथा सरकारी संसाधनों की बचत की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story