TRENDING TAGS :
Raebareli News: मासूम चीखी ‘मम्मी प्लीज बचा लो’, मां की कार पर ईंट-पत्थरों से हमला
Raebareli News: रायबरेली के उण्डवा गांव में स्कूल जा रही मां-बेटी की कार पर हमला हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है और जांच शुरू की।
मासूम चीखी—‘मम्मी प्लीज बचा लो’, मां की कार पर ईंट-पत्थरों से हमला (Photo- Newstrack)
Raebareli News: रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र के उण्डवा गांव में स्कूल जा रही एक बच्ची और उसकी मां पर कथित रूप से दबंगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि रूद्धिमा सिंह अपनी पुत्री के साथ कार से स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान रितेश मिश्रा, आयुष मिश्रा और शिवम कुमार मिश्रा ने उनकी कार को रोककर शीशे पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। घटना में मां-बेटी के चोटिल होने की बात सामने आई है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस के मुताबिक तीनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
स्कूल जाते हुए कार पर हमला
घटना के दौरान कार में मौजूद मासूम की घबराहट और चीख-पुकार ने मामले को और गंभीर बना दिया। बताया जा रहा है कि बच्ची ने डर के बीच अपनी मां से बचाने की गुहार लगाई। स्कूल जाने की उम्र में सामने आए इस तरह के घटनाक्रम ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि सड़क पर दिनदहाड़े इस तरह किसी महिला और उसकी बच्ची की कार पर हमला होता है, तो आम लोगों में कानून के प्रति भरोसा कैसे कायम रहेगा। कानून-व्यवस्था केवल कार्रवाई के दावों से नहीं, बल्कि मौके पर त्वरित कार्रवाई और निष्पक्ष पुलिसिंग से मजबूत होती है।
पुलिस ने जांच शुरू की
फिलहाल पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। अब देखना यह होगा कि जांच में घटना के पीछे की पूरी वजह क्या सामने आती है और पुलिस अन्य आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है। मासूम की घबराई आवाज ने इस घटना को सिर्फ मारपीट का मामला नहीं रहने दिया है, बल्कि सुरक्षा और कानून के भय से जुड़ा गंभीर सवाल भी सामने रखा है।


