TRENDING TAGS :
Raebareli News: रायबरेली पहुंचे प्रभारी मंत्री राकेश सचान, सरकार की विकास योजनाओं की उपलब्धियों को गिनाया
Raebareli News: रायबरेली दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और उपलब्धियों को लेकर विस्तार से जानकारी दी।
रायबरेली पहुंचे प्रभारी मंत्री राकेश सचान, सरकार की विकास योजनाओं की उपलब्धियों को गिनाया (Photo- Newstrack)
Raebareli News: उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री राकेश सचान गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे। सर्किट हाउस पहुंचने पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता ने उनका स्वागत किया। इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिले में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को विस्तार से साझा किया।
गंगा एक्सप्रेसवे से विकास को मिलेगी नई रफ्तार
प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत रायबरेली में 77.3 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने यह भी बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा जिले में सैकड़ों किलोमीटर सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण कराया गया है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पहुंचा पानी
मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत हजारों घरों तक नल के माध्यम से पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से पूरा किया गया है। सरकार का लक्ष्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है और इस दिशा में जिले में लगातार काम किया जा रहा है।
लाखों लोगों तक पहुंचा योजनाओं का लाभ
प्रेस वार्ता के दौरान राकेश सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ जिले के लाखों लोगों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचाना और उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार लाना है।
शिक्षा क्षेत्र में भी हुए कई कार्य
मंत्री ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र में स्मार्ट क्लास, पीएम श्री विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा सुविधाओं के माध्यम से बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
मनरेगा के तहत हुए विकास कार्य
राकेश सचान ने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत अमृत सरोवर, तालाब निर्माण, खेल मैदान और आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कराया गया है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विकास हुआ है और रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
उन्होंने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाकर हजारों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है। सरकार महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
विकास के नए आयाम छू रहा रायबरेली
प्रभारी मंत्री ने कहा कि रायबरेली में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की डबल इंजन सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार रायबरेली को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी जनहित की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाता रहेगा।


