Raebareli News: तेज रफ्तार डंपर ने दो महिलाओं को रौंदा, एक की मौत, CCTV फुटेज आया सामने

​Raebareli News: रायबरेली में तेज रफ्तार डंपर ने दो महिलाओं को रौंद दिया, जिसमें एक की मौत हो गई। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, पुलिस जांच में जुटी है।

Narendra Singh
Published on: 26 May 2026 3:08 PM IST
​Raebareli News
X

​Raebareli News(Photo-Social Media)

​Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जहां एक बेकाबू और तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। इस पूरी घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए।

​फौजी ढाबे के सामने हुआ हादसा

​यह दर्दनाक हादसा चंदापुर थाना क्षेत्र के अमांवा स्थित स्वामी दयानंद इंटर कॉलेज के पास का है। जानकारी के मुताबिक, दोनों महिलाएं सड़क के किनारे से पैदल गुजर रही थीं, तभी फौजी ढाबे के सामने पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें बेरहमी से रौंद दिया। डंपर की रफ्तार इतनी तेज थी कि महिलाओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

​CCTV में कैद हुआ मौत का लाइव वीडियो

​वहीं हादसे का जो सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है, वह बेहद खौफनाक है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिलाएं अपनी दिशा में शांति से जा रही थीं, तभी मौत बनकर आए तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ तुरंत मौके पर जमा हो गई।

​पुलिस की कार्रवाई और चालक की तलाश

​वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दूसरी महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story