Raebareli News: चीनी के बाद अब प्याज के दामों ने बढ़ाई रसोई की चिंता

Raebareli News: रायबरेली में चीनी के बाद प्याज के बढ़ते दामों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है, महंगाई से चिंता बढ़ी।

Narendra Singh
Published on: 25 Aug 2026 2:02 PM IST
Raebareli News
X

Raebareli News(Photo-Social Media)

Raebareli News: त्योहारों के बीच महंगाई ने एक बार फिर आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है। चीनी के दाम बढ़ने के बाद अब प्याज की कीमतों में अचानक तेजी की चर्चा से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय बाजार में 25 से 30 रुपये किलो बिकने वाला प्याज अब करीब 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने की बात कही जा रही है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि जिले में 60 रुपये किलो के भाव की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, चीनी के दाम भी बढ़कर करीब 65 रुपये किलो बताए जा रहे हैं, जबकि पहले यह करीब 40 रुपये किलो बिक रही थी। चीनी और प्याज के दामों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। त्योहारों के नजदीक कीमतों में इजाफे से गृहणियों और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। प्याज के दाम बढ़ने से जहां लोगों की आंखों में आंसू आने लगे हैं, वहीं चीनी महंगी होने से त्योहारों की मिठास भी कम होती नजर आ रही है। व्यापारियों के मुताबिक कीमतों में तेजी का असर बिक्री पर भी दिखाई दे रहा है। ग्राहक जरूरत के मुताबिक ही खरीदारी कर रहे हैं।

जमाखोरी रोकने के लिए छापेमारी

एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ ने बताया कि जिले की सभी मंडियों के मंडी सचिवों के साथ बैठक की गई है। आढ़तियों और व्यापारियों से लगातार वार्ता कर कीमतों को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि कहीं जमाखोरी के लिए अनावश्यक स्टॉक तो नहीं किया जा रहा।

एडीएम ने बताया कि जमाखोरी रोकने के लिए टीमें गठित की गई हैं और अलग-अलग स्थानों पर लगातार छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक जिले में प्याज के 60 रुपये किलो बिकने की सूचना प्रशासन को नहीं मिली है, हालांकि कुछ बढ़ोतरी की जानकारी सामने आई है। मंडी सचिवों के माध्यम से भी बाजार की निगरानी की जा रही है और कीमतों को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।

Narendra Singh
ABOUT THE AUTHOR

Narendra Singh

वरिष्ठ संवाददाता, रायबरेलीraebarelinarendrasingh@newstracksite.vocalwire.com
Next Story