TRENDING TAGS :
Raebareli News: रायबरेली में 11 से 17 सितंबर तक होगी पंडित प्रदीप मिश्रा की भव्य शिव महापुराण कथा
Raebareli News: रायबरेली के ऊंचाहार में 11 से 17 सितंबर तक पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से भव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा। कथा में देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
Raebareli News
Raebareli News: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पांडे की पहल पर ऊंचाहार क्षेत्र में 11 सितंबर से 17 सितंबर तक विश्वविख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) के श्रीमुख से श्री शिव महापुराण कथा का विराट आयोजन किया जाएगा। कथा स्थल बाबूगंज के पास टोल प्लाजा के समीप लगभग 100 बीघा क्षेत्रफल में तैयार किया जा रहा है, जहां विशाल जर्मन हैंगर, भव्य पंडाल और श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडे ने बताया कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे ऊंचाहार क्षेत्र, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, शिव महापुराण कथा समिति और हजारों श्रद्धालुओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पूरा क्षेत्र "शिवमय" हो जाएगा और प्रदेश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में यह कथा शामिल होगी।उन्होंने क्षेत्रवासियों सहित देशभर के श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने परिवार के साथ इस दिव्य कथा में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करें। उनके अनुसार, यह आयोजन सनातन संस्कृति, आस्था और धार्मिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
मंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऊंचाहार तक रेल और सड़क, दोनों माध्यमों से बेहतर संपर्क उपलब्ध है। दिल्ली, प्रयागराज, वाराणसी और बिहार से आने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ऊंचाहार में ठहराव है। रायबरेली मुख्यालय से कथा स्थल की दूरी लगभग 22-23 किलोमीटर है, जबकि रोडवेज बसों की भी पर्याप्त सुविधा उपलब्ध रहेगी। कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा से पूरे जिले के हजारों कार्यकर्ता दिन-रात इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। मैदान का समतलीकरण पूरा हो चुका है और अब तेजी से पंडाल एवं अन्य व्यवस्थाएं तैयार की जा रही हैं।
केंद्रीय मंत्रियों और विशिष्ट अतिथियों के आगमन को लेकर पूछे गए सवाल पर मनोज कुमार पांडे ने कहा कि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सनातन परंपरा के संत-महात्माओं, शंकराचार्यों तथा उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय से जुड़े सम्मानित न्यायाधीशों सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन संपूर्ण समाज का है और इसमें सभी का स्वागत है।उन्होंने विश्वास जताया कि यह शिव महापुराण कथा न केवल रायबरेली, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का एक ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय धार्मिक महोत्सव सिद्ध होगी।


